फोटो गैलरी

Hindi Newsराष्ट्रीय खेलो में पदक जीतने वाले खिलाड़ी सम्मानित

राष्ट्रीय खेलो में पदक जीतने वाले खिलाड़ी सम्मानित

झारखंड के मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में खेलों के लिए उपलब्ध आधारभूत ढांचे से नए खिलाड़ियों को तैयार करने में मदद...

राष्ट्रीय खेलो में पदक जीतने वाले खिलाड़ी सम्मानित
Fri, 09 Dec 2011 11:47 PM
ऐप पर पढ़ें

झारखंड के मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में खेलों के लिए उपलब्ध आधारभूत ढांचे से नए खिलाड़ियों को तैयार करने में मदद मिलेगी। मुंडा ने यहां मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में 34वें राष्ट्रीय खेलों में झारखंड के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के सम्मान में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों में झारखंड का भविष्य उज्जवल है।

उन्होंने कहा कि यहां जो प्रतिभावान खिलाड़ी एकत्र हुए हैं उन्होंने राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के आयोजन से राज्य की प्रतिष्ठा बढ़ी है और खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।

उन्होंने कहा कि इस समारोह में भारतीय क्रिकेट कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी भी मौजूद हैं जिनसे खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा है। समारोह में झारखंड राज्य समन्वय समिति के अध्यक्ष शिबू सोरेन, उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो, हेमंत सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष सीपी सिंह, भारतीय कप्तान धोनी और उनकी पत्नी साक्षी भी मौजूद थे।

समारोह में दीपिका कुमारी, लवली चौबे, सोरेन बहादुर, चंदन कुमार सिंह, अरूणा मिश्र समेत सभी पदक विजेता खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि 34वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन रांची, जमशेदपुर और धनबाद में इस वर्ष 12 से 26 फरवरी तक हुआ था।

झारखंड को पदक तालिका में पांचवां स्थान मिला था। झारखंड ने कुल 96 पदक जीते थे जिनमें 33 स्वर्ण, 26 रजत और 37 कांस्य पदक शामिल हैं। स्वर्ण विजेता खिलाड़ियों को राज्य सरकार ने सात लाख, रजत विजेता खिलाड़ियों को पांच लाख तथा कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों को तीन लाख रुपए प्रदान किया है।

इसके अलावा प्रशिक्षकों को भी राशि देकर सम्मानित किया गया। राज्य सरकार ने पदक विजेताओ के बीच कुल पांच करोड़ 79 लाख 50 हजार रुपए तथा प्रशिक्षकों के बीच 99 लाख 50 हजार रुपए बांटे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें