फोटो गैलरी

Hindi Newsविरोध किया तो गोली मार दी

विरोध किया तो गोली मार दी

भजनपुरा बस स्टॉप के समीप एक युवती से छेड़छाड़ कर रहे युवकों का ऑटो चालक ने विरोध किया तो उन्होंने गोली मारकर उसे घायल कर...

विरोध किया तो गोली मार दी
Sun, 04 Dec 2011 11:38 PM
ऐप पर पढ़ें

भजनपुरा बस स्टॉप के समीप एक युवती से छेड़छाड़ कर रहे युवकों का ऑटो चालक ने विरोध किया तो उन्होंने गोली मारकर उसे घायल कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने घायल अजय कुमार (36) को उपचार के लिए सेंट स्टीफन अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने इस संबंध में हत्या प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार अजय अपने परिवार के साथ भजनपुरा में रहता है। वह ऑटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। शनिवार की देर रात घर में खाना खाने के बाद वह तंबाकू खरीदने के लिए बस स्टॉप के पास गया था। वहां उसने देखा कि बस स्टॉप पर खड़ी एक युवती से बाइक सवार दो युवक छेड़खानी कर रहे हैं। युवती के विरोध करने के बावजूद आरोपी युवक उसे जबरन अपने साथ बाइक पर ले जाना चाह रहे थे। यह देखकर अजय युवती की मदद के लिए चला गया। उसने जब दोनों युवकों को वहां से जाने को कहा तो वह उसके साथ ही झगड़ा करने लगे। इस बीच युवती वहां से चली गई।

झगड़े के दौरान पहले तो अजय के साथ दोनों युवकों ने हाथापाई की और फिर उनमें से एक युवक ने पिस्तौल निकालकर उसके ऊपर दो गोली चला दी। इनमें से एक गोली अजय के पेट में जा लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। उसी समय बाइक सवार दोनों युवक वहां से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को घटना के बारे में बताया, लेकिन वह बाइक का नंबर नोट नहीं कर सके। पुलिस उस युवती को भी तलाशने की कोशिश कर रही है, जिसके साथ आरोपी युवक छेड़खानी कर रहे थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें