फोटो गैलरी

Hindi Newsग्रेटर नोएडा की घटना के लिए सरकार की संवेदनहीनता जिम्मेदार:शाही

ग्रेटर नोएडा की घटना के लिए सरकार की संवेदनहीनता जिम्मेदार:शाही

विशेष संवाददाता/ राज्य मुख्यालय। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने गेट्रर नोएडा के भट्टा पारसौल गांव में हुई हिंसा के लिए प्रदेश सरकार की संवेदनहीनता को जिम्मेदार ठहराया है।...

ग्रेटर नोएडा की घटना के लिए सरकार की संवेदनहीनता जिम्मेदार:शाही
Sun, 08 May 2011 10:55 AM
ऐप पर पढ़ें

विशेष संवाददाता/ राज्य मुख्यालय। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने गेट्रर नोएडा के भट्टा पारसौल गांव में हुई हिंसा के लिए प्रदेश सरकार की संवेदनहीनता को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा है कि किसान लगभग 4 महीने से धरने पर बैठे थे।

सरकार ने अपनी आदत के मुताबिक किसानों की जायज मांगों को अनसुना कर दिया। सरकार की मंशा साफ नहीं होने से किसान आक्रोशित हो गए। उन्होंने कहा कि भाजपा घटनाओं की जानकारी के लिए अपना एक प्रतिनिधिमंडल भेजेगी। ग्रेटर नोएडा में हुई हिंसा की निन्दा करते हुए शाही ने कहा कि किसानों की भूमि का कम मुआवजा, यमुना एक्सप्रेस वे के लिए कम मूल्य पर ज्यादा भूमि का अधिग्रहण तथा किसानों के हितों को अनदेखा करने के कारण किसान उत्तेजित हुए।

उन्होंने कहा भाजपा किसानों के हित में भूमि अधिग्रहण के मामले में उचित मुआवजा, अधिग्रहीत भूमि के विकास में किसानों की भागीदारी तथा किसानों की सहमित से ही भूमि अधिग्रहण की पक्षधर है। पार्टी चाहती है कि भूमि अधिग्रहण जबरदस्ती नहीं बल्कि किसानों की सहमित से ही होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पूंजीपतियों के हितों के लिए बसपा सरकार किसानों का दमन कर रही है और उनके साथ अन्याय कर रही है।

शाही ने कहा कि प्रदेश में भूमि अधिग्रहण की कोई स्पष्ट नीति न होने के कारण कई बार किसान आंदोलित हो चुके हैं तथा आठ बार किसानों पर गोली चला चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। इस बीच, पार्टी के प्रदेश महामंत्री विन्ध्यासिनी कुमार तथा प्रवक्ता डा0 मनोज मिश्र ने कहा है कि बसपा सरकार की हठधर्मिता के कारण यह घटना घटी है। सरकार को हठधर्मिता छोड़कर समस्या का समाधान करने का प्रयास करना चाहिए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें