महंगाई विरोधी अभियान के बहाने शक्ति प्रदर्शन में जुटी भाजपा -हर
पटना(हि.ब्यू.)। महंगाई विरोधी अभियान की सफलता के लिए भाजपा जबरदस्त तैयारी में जुटी है। चुनावी वर्ष में पार्टी अभियान के बहाने शक्ति प्रदर्शन भी करना चाहती है। इन दिनों पार्टी के तमाम सांसद, मंत्री...
पटना(हि.ब्यू.)। महंगाई विरोधी अभियान की सफलता के लिए भाजपा जबरदस्त तैयारी में जुटी है। चुनावी वर्ष में पार्टी अभियान के बहाने शक्ति प्रदर्शन भी करना चाहती है। इन दिनों पार्टी के तमाम सांसद, मंत्री एवं विधायक गांवों का दौरा कर रहे हैं। अभियान को बूथ से संसद तक जोड़ने की तैयारी है। हर बूथ पर कम से कम 100 लोगों के हस्ताक्षर का लक्ष्य रखा गया है। रविवार को प्रदेश अध्यक्ष राधामोहन सिंह ने पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया।18 मार्च को श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के कुछ नेताओं ने अपने भाषण में महंगाई विरोधी अभियान को शक्ति प्रदर्शन की तरह बताया था। पार्टी ने बिहार से एक करोड़ हस्ताक्षर भेजने का टारगेट रखा है। पार्टी बूथ तक अपनी पकड़ देखना चाहती है। अभियान के संयोजक लालबाबू प्रसाद हैं। प्रदेश अध्यक्ष राधामोहन सिंह कहते हैं कि महंगाई विरोधी देशव्यापी अभियान में बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। सांसद, मंत्री और सभी विधायक अलग-अलग जिलों में घूम रहे हैं। 10 अप्रैल तक गांव की ओर चलो अभियान जारी रहेगा। हर बूथ पर हस्ताक्षर करवाए जा रहे हैं। इसे राष्ट्रपति को सौंपा जाएगा। इसके साथ ही 21 अप्रैल को संसद भवन घेराव कार्यक्रम में भी लगभग 25 हजार लोग हिस्सा लेंगे। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अपना रिजर्वेशन करवा रहे हैं। दिल्ली में सभी सांसदों के यहां ठहरने का इंतजाम किया गया है। दिल्ली की पूरी व्यवस्था देखने के लिए प्रदेश के पांच पदाधिकारियों की टीम बनी है।