फोटो गैलरी

Hindi Newsसामाजिक कार्यकर्ता: बदले जिंदगी का नजरिया

सामाजिक कार्यकर्ता: बदले जिंदगी का नजरिया

यदि आप में किसी दूसरे व्यक्ति की मदद या समाज के किसी वर्ग का जीवन स्तर सुधारने की इच्छा है तो आप सामाजिक कार्यकर्ता बन अपने सपने को साकार कर सकते...

सामाजिक कार्यकर्ता: बदले जिंदगी का नजरिया
Tue, 14 May 2013 11:58 AM
ऐप पर पढ़ें

यदि आप में किसी दूसरे व्यक्ति की मदद या समाज के किसी वर्ग का जीवन स्तर सुधारने की इच्छा है तो आप सामाजिक कार्यकर्ता बन अपने सपने को साकार कर सकते हैं। सोशल वर्क आज एक महत्वपूर्ण करियर बन चुका है। इसमें दूसरों की सेवा का सुख और आर्थिक लाभ, दोनों हासिल होते हैं। यहां इसी करियर से संबंधित जानकारी दी जा रही है।

सामाजिक कार्य एक ऐसा पेशेवर व शैक्षिक क्षेत्र है, जिसकी मदद से एक व्यक्ति किसी दूसरे व्यक्ति, समूह या समुदाय के जीवन स्तर को सुधारने पर ध्यान केंद्रित करता है। एक सामाजिक कार्यकर्ता को सरकारी व निजी दोनों क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकते हैं। इसमें सामाजिक कल्याण निदेशालय में विभिन्न पदों जैसे, बाल विकास परियोजना अधिकारी, संपूर्ण बाल विकास सेवाओं आदि पर नियुक्ति की जाती है। कोई भी निदेशालय में कल्याण अधिकारी के रूप में काम कर सकता है।

ऐसे व्यक्ति जिनकी उत्सुकता दूसरों से मिलने-मिलाने की होती है, वे बतौर परिवार कल्याण सलाहकार एवं मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में चिकित्सीय सामाजिक कार्यकर्ता आदि के रूप में भी काम पा सकते हैं। ऐसे लोग जिनकी रुचि निजी क्षेत्र में काम करने की है, वे कॉरपोरेट क्षेत्र में बतौर मानव संसाधन प्रबंधक, औद्योगिक संपर्क अधिकारी और कार्मिक प्रबंधक आदि के रूप में काम कर सकते हैं।

इस क्षेत्र में सामाजिक कार्य में ग्रेजुएशन किए हुए छात्रों के लिए किसी गैर सरकारी संस्थान (एनजीओ), अंतरराष्ट्रीय गैर सरकारी संस्थान, ट्रस्ट और गैर-मुनाफा कंपनियों में भी रोजगार के विकल्प मौजूद हैं। इसके अलावा यूनिसेफ, डब्ल्यूएचओ और यूएनडीपी के साथ-साथ कई अन्य छोटी-बड़ी समाज सेवी संस्थाओं में भी काम किया जा सकता है।     

दिनचर्या
सुबह 9 बजे:
दफ्तर पहुंचना
सुबह 10 बजे: फील्ड में जाना और लोगों के साथ बातचीत करना
दोपहर 12 बजे: अन्य कार्यकर्ताओं से मिलना
दोपहर 1 बजे: दोपहर का भोजनावकाश
दोपहर 2 बजे: प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार करना
शाम 4 बजे: रिपोर्ट तैयार करना व उसकी समीक्षा करना
शाम 5.30 बजे: नई परियोजना पर काम करना
शाम 6.30 बजे: सहकर्मियों से मिलना, झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में नई परियोजना पर बातचीत
शाम 7.30 बजे: आज का दिन यहीं खत्म

वेतन
शुरुआती स्तर:
15,000 से 25,000 रुपये तक प्रतिमाह
मध्यम स्तर: 25,000 से 50,000 रुपये तक प्रतिमाह
वरिष्ठ स्तर: 50,000 रुपये से 1 लाख रुपये तक प्रतिमाह

कौशल एवं योग्यताएं
मानव व्यवहार, समाज एवं उसके तंत्रों का आधारभूत ज्ञान
आप में सुनने, समझने एवं परामर्श देने की योग्यता होनी चाहिए
सामाजिक कार्य में भागीदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ काम करने की जरूरत होती है। काम करने के आप कितने इच्छुक हैं, यहां सिर्फ यही मायने रखता है
विपरीत प्रतिस्थितियों में काम करने के लिए लचीलापन एवं सहनशक्ति

कैसे पहुंचें
एक पेशेवर सामाजिक कार्यकर्ता बनने के लिए सामाजिक कार्य में स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री की आवश्यकता होती है। अर्थशास्त्र, राजनीति शास्त्र, समाज शास्त्र, इतिहास, मनोविज्ञान एवं तर्कशास्त्र की पृष्ठभूमि वाले छात्र भी सामाजिक कार्यकर्ता बन सकते हैं। पीएच.डी. करने पर यहां आपको फायदा होगा। कई देशों में तो सामाजिक
कार्य करने के लिए आपको लाइसेंस की भी जरूरत पड़ती है।

संस्थान एवं उनकी वेबसाइट्स
टाटा इंस्टीटय़ूट ऑफ सोशल साइंसेज, मुंबई

www.tiss.edu

दिल्ली विश्वविद्यालय
www.du.ac.in

सामाजिक कार्य विभाग, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, दिल्ली
www.jmi.nic.in

मद्रास स्कूल ऑफ सोशल वर्क, चेन्नई
www.mssw.in

नफा-नुकसान
बेहद लाभप्रद करियर है

काम करने का समय अलग-अलग हो सकता है। अन्य लोग कितना अभावग्रस्त जीवन जी रहे हैं, यह देखने से आपको दुख और तनाव भी हो सकता है।
यहां वेतन दूसरे क्षेत्रों से कम आकर्षक है।

ऐसे लोग जो अपने काम से संतुष्टि हासिल करना चाहते हैं, उनके लिए इस पेशे में काफी संभावनाएं हैं।
विक्रम सिंह वर्मा, मुख्य परिचालन अधिकारी, स्माइल फाउंडेशन

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें