2009-11 के दौरान बलात्कार के 68 हजार मामले दर्ज
देश में वर्ष 2009-11 के दौरान बलात्कार के लगभग 68 हजार मामले दर्ज किये गये, लेकिन इनमें से सिर्फ 16 हजार बलात्कारियों को कैद की सजा...
देश में वर्ष 2009-11 के दौरान बलात्कार के लगभग 68 हजार मामले दर्ज किये गये, लेकिन इनमें से सिर्फ 16 हजार बलात्कारियों को कैद की सजा मिली।
राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2011 के दौरान देश भर में बलात्कार के 24 हजार 206 मामले दर्ज हुए, लेकिन मात्र पांच हजार 724 लोगों को दोषी ठहराया जा सका।
वर्ष 2010 में देश भर में बलात्कार के 22 हजार 172 मामले दर्ज हुए, लेकिन मात्र पांच हजार 632 लोगों का दोष साबित हो पाया। वहीं, वर्ष 2009 में देश भर में बलात्कार के 21 हजार 397 मामले दर्ज हुए, लेकिन मात्र पांच हजार 316 लोगों को दोषी ठहराया गया।
इस अवधि में यानी 2009-11 के दौरान बलात्कार के सबसे अधिक नौ हजार 539 मामले मध्य प्रदेश में दर्ज किये गये, लेकिन इस दौरान सिर्फ दो हजार 986 लोगों का दोष साबित हो पाया।
वर्ष 2009-11 के दौरान पश्चिम बंगाल में बलात्कार के सात हजार 10 मामले दर्ज हुए, लेकिन सिर्फ 381 लोगों को दोषी ठहराया गया। उत्तर प्रदेश में इस अवधि के दौरान बलात्कार के पांच हजार 364 मामले दर्ज हुये और तीन हजार 816 लोगों का दोष साबित हो पाया। असम में इस अवधि के दौरान बलात्कार के पांच हजार 52 मामले दर्ज हुये लेकिन सिर्फ 517 लोगों को दोषी ठहराया गया।