फोटो गैलरी

Hindi Newsनरेंद्र मोदी देश के सबसे लोकप्रिय नेता: राजनाथ

नरेंद्र मोदी देश के सबसे लोकप्रिय नेता: राजनाथ

भाजपा में नरेन्द्र मोदी की भूमिका के बारे में बढ़ती अटकलों के बीच पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने उन्हें देश का सबसे लोकप्रिय नेता बताया। लेकिन उन्होंने यह नहीं कहा कि पार्टी किसे प्रधानमंत्री पद का...

नरेंद्र मोदी देश के सबसे लोकप्रिय नेता: राजनाथ
Sat, 06 Apr 2013 04:41 PM
ऐप पर पढ़ें

अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा में नरेन्द्र मोदी की भूमिका के बारे में बढ़ती अटकलों के बीच पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने उनकी प्रशंसा देश के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में की, लेकिन इस बारे में अपने पत्ते नहीं खोले की चुनाव में पार्टी किसे प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनायेगी।

राजनाथ ने एक निजी टेलीविजन चैनल पर कहा कि कोई भी व्यक्ति इस बात को नजरंदाज नहीं कर सकता कि मोदी अभी देश के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। इस बारे में दो राय नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार पर पार्टी का केंद्रीय संसदीय बोर्ड फैसला करता है और वहां उनकी निजी राय का महत्व नहीं होता।

भाजपा अध्यक्ष ने सीआईआई सम्मेलन में राहुल गांधी के उस बयान पर भी चुटकी ली जिसमें उन्होंने कहा था कि घोड़े पर सवार कोई भी एक व्यक्ति सत्ता में आकर भारत की समस्याओं का समाधान नहीं निकाल सकता है।

राजनाथ ने कहा कि अगले चुनाव में भाजपा का नेता जो सत्ता में आयेगा, वह घोड़े पर सवार नहीं होग। वह जमीन से जुड़ा नेता होगा और जिसने 30 से 35 सालों तक पसीना बहाया होगा।

राजनाथ ने कहा कि भाजपा से कोई ऐसा नेता नहीं सत्ता में आयेगा, जिसके पास महज 5 से 10 वर्ष की राजनीति का अनुभव हो, जिसने इग्लैंड, अमेरिका या इटली में पढ़ाई की हो और उसे प्रधानमंत्री पद के लिए पेश किया जा रहा हो।

गुजरात में मोदी की लगातार तीसरी बार जीत की प्रशंसा करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वह दुनिया के सामने गुजरात के विकास का मॉडल सामने लेकर आए हैं। सिर्फ एक साम्प्रदायिक दंगे के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुख्यमंत्रियों के शासनकाल में काफी साम्प्रदायिक दंगे हुए लेकिन इनके बारे में कोई कुछ नहीं कह रहा है। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी की प्रणाली को दरकिनार नहीं कर सकता। प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के बारे में पार्टी का केंद्रीय संसदीय बोर्ड फैसला करता है। यहां तक कि मेरी निजी राय मायने नहीं रखती।

प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर भाजपा में उठापटक की बात को सिरे से खारिज करते हुए राजनाथ ने दावा किया कि यह अकेला ऐसा राजनीतिक दल है जहां ऐसा कुछ भी नहीं है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यहां तक कि अटलजी और आडवाणीजी यहां रहे हैं। वे पद के पीछे कभी नहीं भागे। अगर कोई और पार्टी होती तो ऊपर से नीचे तक बंट जाती।

राजनाथ ने राजग के सहयोगी जद यू के गठबंधन से अलग होने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि ऐसी अटकलें आधारहीन हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें