इतालवी मरीन के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल
केरल तट पर दो भारतीय मछुआरों को कथित रूप से गोली मार देने के करीब तीन महीने बाद पुलिस ने शुक्रवार को इटली के दो मरीन के खिलाफ एक अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर...
केरल तट पर दो भारतीय मछुआरों को कथित रूप से गोली मार देने के करीब तीन महीने बाद पुलिस ने शुक्रवार को इटली के दो मरीन के खिलाफ एक अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर दिया और उन पर भारतीय दंड संहिता और अंतराष्ट्रीय नौवहन कानूनों के प्रावधानों के मुताबिक हत्या का आरोप लगाया है।
इतालवी मरीन लाटोर मास्सिमिलिअनो और साल्वटोर गिरोने 15 फरवरी को घटना के समय इटली के जहाज इनरिका लेक्सी पर मौजूद थे। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष दायर 196 पन्ने के आरोप पत्र में लाटोर को पहले और साल्वटोर को दूसरे आरोपी के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।
इन मरीन को तिरूवनंतपुरम के केंद्रीय कारागार में पिछले तीन महीने से रखा गया है और उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास), 427 (क्षति या नुकसान पहुंचाने) और 34 के तहत भी आरोप लगाया गया है।
इस घटना के संबंध में अंतरराष्ट्रीय नौवहन नेविगेशन के गैरकानूनी गतिविधि प्रतिबंध कानून की धारा तीन के तहत भी आरोप लगाया गया है जिसकी वजह से भारत और इटली के बीच राजनयिक विवाद खड़ा हो गया था।