हॉकी इंडिया ने एयर इंडिया की मान्यता रद्द की
हॉकी इंडिया ने सदस्यता शुल्क का भुगतान नहीं करने के कारण तुरंत प्रभाव से एसोसिएट सदस्य के रूप में एयर इंडिया की मान्यता रद्द कर दी...
हॉकी इंडिया ने सदस्यता शुल्क का भुगतान नहीं करने के कारण तुरंत प्रभाव से एसोसिएट सदस्य के रूप में एयर इंडिया की मान्यता रद्द कर दी है। मेजर ध्यान चंद राष्ट्रीय स्टेडियम में हॉकी इंडिया के कार्यकारी बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला किया गया। हॉकी इंडिया ने 2010-11 से वार्षिक सदस्यता शुल्क का भुगतान नहीं करने पर एयर इंडिया की मान्यता रद्द की है।
एयर इंडिया 2009 से हॉकी इंडिया का सदस्य रहा है और वार्षिक सदस्यता शुल्क का भुगतान नहीं करने के कारण 2012 में इसे एसोसिएट सदस्य बना दिया गया था। हॉकी इंडिया के महासचिव नरिंदर बत्रा ने कहा कि बार बाद याद दिलाने के बावजूद एयर इंडिया ने 2010-11 से वार्षिक सदस्यता शुल्क का भुगतान नहीं किया है जिसके बाद राष्ट्रीय संघ को नियमों के मुताबिक यह कदम उठाने को बाध्य होना पड़ा।
बत्रा ने कहा कि एसोसिएट सदस्य के रूप में एयर इंडिया की मान्यता रद्द करना मुश्किल फैसला था लेकिन राष्ट्रीय खेल महासंघ के सुचारू संचालन के लिए अनुशासन बनाए रखना जरूरी है। हम उम्मीद करते हैं कि सभी एफिलिएट और एसोसिएट सदस्य पेशेवर बर्ताव करेंगे जो किसी भी देश में खेल के विकास के लिए मूल योग्यता है।