फोटो गैलरी

Hindi Newsऑस्ट्रेलिया का सामना अब जाइंट किलर श्रीलंका से

ऑस्ट्रेलिया का सामना अब जाइंट किलर श्रीलंका से

अब तक अपराजेय ऑस्ट्रेलियाई टीम आईसीसी महिला विश्व कप क्रिकेट के सुपर सिक्स मुकाबले में रविवार को जाइंट किलर श्रीलंका से...

ऑस्ट्रेलिया का सामना अब जाइंट किलर श्रीलंका से
Sat, 09 Feb 2013 02:17 PM
ऐप पर पढ़ें

अब तक अपराजेय ऑस्ट्रेलियाई टीम आईसीसी महिला विश्व कप क्रिकेट के सुपर सिक्स मुकाबले में रविवार को जाइंट किलर श्रीलंका से भिड़ेगी। गत चैम्पियन इंग्लैंड को पिछले मैच में दो रन से हराने वाली पांच बार की चैम्पियन ऑस्ट्रेलियाई टीम श्रीलंका के खिलाफ भी यह लय कायम रखना चाहेगी।
     
ऑस्ट्रेलिया की ताकत उसकी गेंदबाजी है। जोडी फील्डस की अगुवाई वाली टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 147 रन का स्कोर बनाने के बावजूद जीत दर्ज करके यह साबित भी कर दिया था। ऑस्ट्रेलियाई हरफनमौला अलेक्जेंड्रा ब्लैकवेल ने कहा कि हमें बल्लेबाजी पर मेहनत करनी होगी। हम इंग्लैंड के खिलाफ अपनी बल्लेबाजी से निराश हैं। हम उससे बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे।
     
ऑस्ट्रेलिया के पांच बल्लेबाज 32 रन पर आउट हो गए थे। पूरी टीम 44.4 ओवर में पवेलियन लौट गई। शीर्ष चार बल्लेबाज मेगन लॉनिंग, रशेल हैंस, जेसिका कैमरन और ब्लैकवेल 27 के स्कोर पर आउट हो गए थे। इसके बाद लीसा सठालेकर (41) और सारा कोयटे (44) ने छठे विकेट के लिये 82 रन जोड़े।
   
अब तक ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच हुए दो मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया ही विजयी रहा है। श्रीलंका ने विश्व कप के लीग मैचों से पहले हालांकि इंग्लैंड और भारत को भी कभी नहीं हराया था। ब्लैकवेल ने कहा कि श्रीलंका के पास अच्छे स्पिनर हैं और वह मजबूत टीम है। उन्होंने विश्व कप में कुछ अदभुत जीत दर्ज की है। हम इस मैच को हलके में नहीं लेंगे।

दूसरी ओर श्रीलंका अपना शानदार फॉर्म बरकरार रखना चाहेगी। उसने इंग्लैंड और भारत पर जबर्दस्त जीत दर्ज की है। पिछले मैच में हालांकि उसे न्यूजीलैंड ने हराया। श्रीलंकाई टीम बल्लेबाजी में काफी हद तक ईशानी कौशल्या लोकूसूरिया पर निर्भर है जिसने इंग्लैंड के खिलाफ 41 गेंद में 56 और भारत के खिलाफ 31 गेंद में नाबाद 56 रन बनाये।
   
कप्तान शशिकला सिरिवर्धने ने कहा कि उसका फॉर्म हमारे लिये बहुत उपयोगी साबित हुआ है। वैसे शीर्षक्रम को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। उसने कहा कि ऑस्ट्रेलिया उनके अब तक के प्रदर्शन को देखकर चिंतित होगा। उसने कहा कि उन्हें पता है कि हम क्या कर सकते हैं लिहाजा वे हमें हलके में नहीं लेंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें