फोटो गैलरी

Hindi Newsदोस्तों संग रहना पसंद करता है लाल हिरण

दोस्तों संग रहना पसंद करता है लाल हिरण

हिरण की कई प्रजातियां पाई जाती हैं। इन्हीं में से एक है लाल हिरण। जैसा कि नाम से पता चलता है कि यह लाल रंग का होता है। जुगाली करने वाला यह पशु अनोखे किस्म का दिखाई देता...

दोस्तों संग रहना पसंद करता है लाल हिरण
Tue, 04 Sep 2012 01:08 PM
ऐप पर पढ़ें

हिरण की कई प्रजातियां पाई जाती हैं। इन्हीं में से एक है लाल हिरण। जैसा कि नाम से पता चलता है कि यह लाल रंग का होता है। जुगाली करने वाला यह पशु अनोखे किस्म का दिखाई देता है। इसके पैर के खुर खास तरह के होते हैं और पेट के चार भाग होते हैं।

बड़ी प्रजाति के इस हिरण में एक खास बात यह है कि यह खाने को दो चरणों में खाता है। इसके पैर के खुर ऊंट और बकरी की तरह होते हैं। लाल हिरण की विभिन्न प्रजातियों में इलाके के हिसाब से परिवर्तन देखे जाते हैं। यूरोप में पाये जाने वाले लाल हिरण की पूंछ थोड़ी लम्बी होती है, जबकि एशिया और उत्तरी अमेरिका में पाए जाने वाले लाल हिरणों की पूंछ थोड़ी छोटी होती है। ऐसी विभिन्नता लाल हिरण के सींग में भी देखी जाती है। लाल हिरण की कुछ प्रजाति में सींग बड़े तो कुछ में छोटे पाये जाते हैं।

मादा हिरण, नर हिरण की तुलना में काफी छोटी होती है। आमतौर पर नर लाल हिरण 175 से 260 से.मी. लम्बा होता है, वहीं मादा 160 से 210 से.मी. लम्बी होती है। वजन के मामले में नर हिरण का वजन 160 से 240 किलो और मादा का वजन 120 से 170 किलो होता है। इसकी पूंछ 12 से 19 से.मी. लम्बी होती है और कंधे की ऊंचाई 95 से 130 से.मी. होती है। यूरोप में पाये जाने वाले लाल हिरण के बाल गर्मियों में लाल-भूरे हो जाते हैं। नर हिरण की कई ऐसी भी प्रजातियां पायी जाती हैं, जिनकी गर्दन के पास पतझड़ के मौसम में घने बाल पाए जाते हैं। ब्रिटेन और नॉर्वे में पाए जाने वाले हिरणों में गर्दन के  पास ज्यादा बाल पाए जाते हैं, जबकि स्पेन में पाए जाने वाले हिरणों में गर्दन के पास बाल नहीं पाए जाते हैं।
 
नर हिरण के  गर्दन की मांसपेशियां मादा के गर्दन की मांसपेशियों से मोटी होती हैं। पतझड़ के मौसम में लाल हिरण की सभी प्रजातियों में गर्मी से बचने के लिए लाल-भूरे रंग के बाल पैदा हो जाते हैं।
 
ये हिरण यूरोप के अधिकांश हिस्सों में, काकेशस पर्वतों के क्षेत्र और पश्चिमी और दक्षिणी एशिया के क्षेत्र में रहते हैं। साथ ही यह एटलस पर्वतों के क्षेत्र, ऑस्ट्रेलिया, अर्जेटीना और न्यूजीलैंड में भी पाए जाते हैं। यह अफ्रीका में पायी जाने वाली हिरण की अकेली प्रजाति है।

ये हिरण समूहों में रहते हैं। यूरोप में ये निचले इलाके में रहते हैं और सर्दियों में भोजन की तलाश में ऊंची जगहों पर चले जाते हैं। हिरण के बच्चे जब पैदा होते हैं तो उनका शरीर चित्तीदार होता है। लाल हिरण की उम्र वैसे तो 20 साल से ज्यादा होती है, लेकिन आमतौर पर वह 10 से 13 वर्ष तक जीता है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें