फोटो गैलरी

Hindi Newsमम्मा के बिना नहीं रह सकता... ओरंगुटान

मम्मा के बिना नहीं रह सकता... ओरंगुटान

ओरंगुटान वैसे तो दिखने में बंदर जैसा होता है, लेकिन बहुत से मामलों में यह एक खास जीव है। यह लाल-भूरे रंग के बालों से हमेशा ढका रहता है। इसका शरीर बड़ा और भारी होता...

मम्मा के बिना नहीं रह सकता... ओरंगुटान
Tue, 26 Jun 2012 11:14 AM
ऐप पर पढ़ें

ओरंगुटान वैसे तो दिखने में बंदर जैसा होता है, लेकिन बहुत से मामलों में यह एक खास जीव है। यह लाल-भूरे रंग के  बालों से हमेशा ढका रहता है। इसका शरीर बड़ा और भारी होता है। इसके हाथ बहुत मजबूत और लम्बे होते हैं। इसकी गर्दन मोटी और पैर झुके होते हैं। इसमें जो सबसे खास बात होती है, वह यह है कि ओरंगुटान की पूंछ नहीं होती है। इसका सिर थोड़ा बड़ा और मुंह के पास का हिस्सा भी बड़ा होता है। तुम्हें यह जानकर अचरज होगा कि ओरंगुटान के हाथ की अंगुलियां भी तुम्हारे जैसी ही होती हैं। यह अकेला रहना पसंद करता है। जिस तरह तुम अपनी मम्मी के साथ रहना पसंद करते हो, उसी तरह बेबी ओरंगुटान भी अपनी मम्मी के साथ ही रहता है।

इसकी एक खासियत यह है कि ये सबसे तेज नर-वानर है। इसका मतलब यह है कि इसका दिमाग बहुत तेज होता है। वैसे तो ओरंगुटान को खाने में फल ज्यादा पसंद हैं, लेकिन ये फल के अलावा भी कई चीजों को खा लेता है। फलों में इसे ज्यादातर मीठे फल पसंद हैं और इनके अलावा पत्तियां, पेड़ों की छाल, कीड़े-मकोड़े, शहद और चिड़ियों के अंडे भी खाता है। ये मिट्टी और चट्टानों के टुकड़े भी खाता है। ओरंगुटान ज्यादातर जंगलों में पाए जाते हैं। ये अपना अधिकांश समय पेड़ों पर ही बिताते हैं। दिन में अपने लिए भोजन तलाशते, घूमते और आराम करते हैं। इन्हें तैरना नहीं आता है। इनके सबसे बड़े दुश्मन बाघ हैं, क्योंकि बाघ इनका शिकार करते हैं। इसके अलावा जंगली कुत्ते, तेंदुए और मगरमच्छ भी इन्हें परेशान करते रहते हैं। ये अपने लिए घोंसले भी बनाते हैं और इनका इस्तेमाल दिन या रात के लिए करते हैं। इनके बच्चे अपनी मां से ही घोंसला बनाना सीखते हैं। बच्चे छह महीने की उम्र से ही अपनी मां से घोंसला बनाना सीख लेते हैं और तीन साल की उम्र तक अच्छी तरह से बनाने लगते हैं।
 
जैसे तुम्हारी मम्मी तुम्हारा ख्याल रखती हैं, उसी तरह ओरंगुटान की मम्मी भी उसका बहुत ध्यान रखती हैं। जब बच्चे छोटे होते हैं तो वह उसे अपने साथ लेकर घूमती है और उसे बहुत सी चीजें सिखाती है। कुछ समय बाद बच्चो के बड़े हो जाने पर वह बच्चा अपने दूसरे साथियों के साथ भी रहता है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें