फोटो गैलरी

Hindi Newsराष्ट्रव्यापी हड़ताल के मद्देनजर दिल्ली में यातायात प्रभावित

राष्ट्रव्यापी हड़ताल के मद्देनजर दिल्ली में यातायात प्रभावित

दिल्ली में आज सुबह अपने अपने दफ्तर और अन्य काम से जाने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना...

राष्ट्रव्यापी हड़ताल के मद्देनजर दिल्ली में यातायात प्रभावित
Wed, 20 Feb 2013 12:40 PM
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली में आज सुबह अपने अपने दफ्तर और अन्य काम से जाने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा, क्योंकि कर्मचारी संगठनों के आहवान पर आहूत दो दिनी हड़ताल के समर्थन में बड़ी संख्या में ऑटोरिक्शा और टैक्सी चालकों ने अपने वाहन नहीं चलाए।
   
स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी आई। ज्यादातर ऑटो चालकों ने या तो जाने से मना कर दिया या राहगीरों से अधिक पैसे मांगे। मुख्य रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों पर भी यात्री फंसे रहे और उन्हें अपने गंतव्यों तक पहुंचने के लिए बहुत संघर्ष करना पड़ा।
   
सरकारी अधिकारी अजीत सिंह ने कहा, मुझे मोती बाग से ऑटो में केंद्रीय सचिवालय पहुंचने के लिए 180 रुपये देने पड़े। आमतौर पर इतनी दूर जाने के लिए 80 एपये लगते हैं।
   
पांच बड़े ऑटोरिक्शा और टैक्सी चालक संघों ने घोषणा की है कि वे ऑटो और टैक्सी के किराये बढ़ाने की मांग को लेकर हड़ताल में शामिल होंगे।
   
हालांकि राजधानी में मेट्रो सेवाओं पर हड़ताल का कोई असर नहीं पड़ा, वहीं बस सेवाएं आंशिक तौर पर बाधित हुईं। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के कर्मचारियों के एक वर्ग ने भी हड़ताल को अपना समर्थन जताया है। मेट्रो स्टेशनों और बस स्टैंड पर लंबी कतारें देखी गयीं।
   
कनॉट प्लेस में एक एयरलाइन कंपनी के दफ्तर में काम करने वाली शिखा तिवारी ने बताया कि उन्हें आईएनए मेट्रो स्टेशन पर करीब 45 मिनट तक कतार में लगना पड़ा। हड़ताल के कारण ज्यादातर लोगों ने मेट्रो से जाना सही समक्षा जिस वजह से स्टेशनों पर सामान्य दिनों से अधिक भीड़ थी।
   
उधर हड़ताल से निपटने के लिए दिल्ली सरकार ने सभी डीटीसी कर्मचारियों की छुटिटयां निरस्त कर दी हैं और निगम के आला अधिकारियों से सुबह से ही बस डिपो पर मौजूद रहने को कहा है ताकि डीटीसी की बसों को सुगमता से चलाया जा सके।
   
दिल्ली के परिवहन मंत्री रमाकांत गोस्वामी ने कहा था कि अगले दो दिन तक डीटीसी के मार्गों पर करीब 1,000 आरटीवी बसें और टूरिस्ट बसें चलाई जाएंगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें