फोटो गैलरी

Hindi Newsकांस कार्पेट पर उतरेंगी ऐश्वर्या, सोनम और फ्रीडा

कांस कार्पेट पर उतरेंगी ऐश्वर्या, सोनम और फ्रीडा

कांस फिल्म महोत्सव में बॉलीवुड अभिनेत्रियों का जलवा दिखेगा। महोत्सव के दौरान अलग-अलग मौकों पर अभिनेत्री ऐश्वर्या राय, सोनम कपूर और फ्रीडा पिंटो रेड कार्पेट पर नजर...

कांस कार्पेट पर उतरेंगी ऐश्वर्या, सोनम और फ्रीडा
Fri, 03 May 2013 07:15 PM
ऐप पर पढ़ें

आगामी अंतर्राष्ट्रीय कांस फिल्म महोत्सव में बॉलीवुड अभिनेत्रियों का जलवा दिखेगा। महोत्सव के दौरान अलग-अलग मौकों पर अभिनेत्री ऐश्वर्या राय, सोनम कपूर और फ्रीडा पिंटो रेड कार्पेट पर नजर आएंगी।

तीनों अभिनेत्रियां सौंदर्य प्रसाधन ब्रैंड 'एल ओरियल' के ब्रैंड एंबेसडर के रूप में कांस कार्पेट पर उतरेंगी। अभिनेत्री ऐश्वर्या राय का कांस महोत्सव में भागीदारी का यह लगातार 12वां वर्ष होगा। भारतीय सिनेमा के 100 साल पर 19 मई की शाम होने वाले उत्सव की वह विशिष्ट मेहमान होंगी।

इसके अगले दिन यानी 20 मई को वह रेड कार्पेट पर अपना जलवा बिखेरेंगी। ऐश्वर्या राय ने कहा कि कांस फिल्म महोत्सव जैसे प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारतीय सिनेमा के 100 साल पूरे होने संबंधी आयोजन और भारतीय फिल्म उद्योग का सम्मान होते हुए देखना महत्वपूर्ण बात है। वास्तव में यह विश्व सिनेमा पर भारत के प्रभाव को दर्शाता है।

वहीं अभिनेत्री सोनम कपूर कांस आयोजन में तीसरी बार शिरकत करने जा रही हैं। वह 15 मई को होने वाले उद्घाटन समारोह में उपस्थित होंगी और 16 मई को रेड कार्पेट पर चहलकदमी करती दिखेंगी। सोनम ने कहा कि कांस भारतीय सिनेमा के 100 साल पूरे होने का उत्सव मना रहा है और मुझे इस आयोजन पर और इसका हिस्सा होने पर अत्यंत खुशी है।

हॉलीवुड के गलियारों में ज्यादा सक्रिय रहने वाली अभिनेत्री फ्रीडा पिंटो भी उद्घाटन समारोह में दिखेंगी। उन्होंने कहा कि मैं यह देखकर बेहद खुश हूं कि कांस जैसे वैश्विक मंच पर भारत को खूब महत्व मिल रहा है। गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय कांस फिल्म महोत्सव आगामी 15 मई से शुरू होने जा रहा है जो 26 मई तक चलेगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें