करजई की अपील, नाटो आपूर्ति बहाल करे पाक
अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई ने पाकिस्तान से उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो)की आपूर्ति बहाल करने की गुजारिश की...
अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई ने पाकिस्तान से उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो)की आपूर्ति बहाल करने की गुजारिश की है। पिछले वर्ष नवम्बर में अमेरिका द्वारा किए हवाई हमले में 24 सैनिकों के मारे जाने के बाद पाकिस्तान ने यह आपूर्ति को बंद कर दिया था।
टीवी चैनल 'जिओ न्यूज' की रपट के अनुसार करजई ने शुक्रवार को वरिष्ठ पत्रकारों के साथ नाश्ते के दौरान पाकिस्तान से नाटो आपूर्ति बहाल करने के लिए निवेदन किया। उन्होंने कहा कि इस पर शुल्क लगाकर दोनों देश लाभान्वित हो सकते हैं।
करजई अफगानिस्तान, पाकिस्तान एवं ईरान के मध्य त्रिपक्षीय वार्ता में भाग लेने के लिए इन दिनों इस्लामाबाद में हैं।
पिछले वर्ष पाकिस्तान के मोहमंड एजेंसी में स्थित दो चौकियों पर अमेरिकी हमले में 24 सैनिक मारे गए थे। इस घटना से नाराज पाकिस्तान ने नाटो के अफगानिस्तान जाने वाले आपूर्ति मार्ग को बंद कर दिया और शम्सी हवाई अड्डे को अमेरिका से खाली करा दिया।
अमेरिका-तालिबान वार्ता से अवगत होने के विषय में पूछे जाने पर करजई ने कहा वह इस वार्ता से अवगत हैं लेकिन अफगानिस्तान-तालिबान के मध्य वार्ता स्थल का निर्धारण वह करेंगे।
उन्होंने कहा कि तालिबान कतर में अपना कार्यालय खोल सकता है लेकिन अफगानिस्तान उससे वार्ता सऊदी अरब में करेगा। भारत के अफगानिस्तान में बढ़ते प्रभाव से पाकिस्तान की कथित चिंता को करजई ने निराधार करार दिया।