फोटो गैलरी

Hindi Newsकैलिफोर्निया असेंबली ने भारतीय स्वंतत्रता दिवस को दी मान्यता

कैलिफोर्निया असेंबली ने भारतीय स्वंतत्रता दिवस को दी मान्यता

कैलिफोर्निया की असेंबली ने एक प्रस्ताव पारित कर 15 अगस्त को भारत के स्वतंत्रता दिवस के रूप में मान्यता देते हुए सभी कैलिफोर्नियावासियों से विभिन्न संस्कृतियों की विविधता का जश्न मनाने का अनुरोध किया...

कैलिफोर्निया असेंबली ने भारतीय स्वंतत्रता दिवस को दी मान्यता
Tue, 07 Aug 2012 10:37 AM
ऐप पर पढ़ें

एक अभूतपूर्व कदम उठाते हुए कैलिफोर्निया की असेंबली ने एक प्रस्ताव पारित कर 15 अगस्त को भारत के स्वतंत्रता दिवस के रूप में मान्यता देते हुए सभी कैलिफोर्नियावासियों से विभिन्न संस्कृतियों की विविधता का जश्न मनाने का अनुरोध किया है।
   
बे इलाके के लोकप्रिय असेंबली सदस्य बॉब वाइकोवस्की ने यह प्रस्ताव पेश किया जिसे कई दूसरे सदस्यों ने अपना समर्थन दिया। प्रस्ताव का समर्थन करते हुए असेंबली के स्पीकर जॉन पेरेज ने भारत की प्रशंसा की और कहा कि यह दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र और विश्व का एक महत्वपूर्ण देश है।
   
पेरेज ने कहा कि इस साल 15 अगस्त को समारोह के आयोजन से पहले विस्कोन्सिन स्थित गरुद्वारे में हुई गोलीबारी की त्रासद घटना हुई। इस विवेकहीन हिंसा में पूजा करने आए छह लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। इस घटना में मारे गए लोगों की याद में असेंबली में एक मिनट का मौन रखा गया।
   
भारी समर्थन के साथ प्रस्ताव के पारित होने के बाद इसे सैनफ्रांसिस्को में भारत के महावाणिज्य दूत एन पार्थसारथी को सौंप दिया गया। पार्थसारथी को इस मौके पर सदन में विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया था।
   
इस मौके पर फ्रेमोन्ट के उप मेयर अनु नटराजन और अन्य सामुदायिक नेता मौजूद थे।
   
इस प्रस्ताव में कहा गया है, भारत का स्वतंत्रता दिवस भारत में सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अवकाशों में से एक है और इस दिन का सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम दिल्ली में होता है जहां प्रधानमंत्री लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं तथा राष्ट्र के नाम संदेश देते हैं।

इस संदेश में सरकार की उपलब्धियों का जिक्र होता है, महत्वपूर्ण सामयिक मुद्दों की चर्चा होती है, विकास की भावी योजनाएं बताई जाती हैं और देश की आजादी के लिए प्राण न्यौछावर करने वालों को श्रद्धांजलि दी जाती है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें