फोटो गैलरी

Hindi Newsआपकी मुस्कान है आपकी पहचान

आपकी मुस्कान है आपकी पहचान

मोहिनी राव को अपने दांतों पर बहुत गर्व था। उनके एक साइज के चमचमाते दांत देख कर अकसर लोग पूछ बैठते कि क्या उन्होंने इन्हें डेंटिस्ट से सही करवाया है। मोहिनी हंस कर कहती, ‘जब मेरे दांत इतने अच्छे...

आपकी मुस्कान है आपकी पहचान
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 29 Apr 2016 04:46 PM
ऐप पर पढ़ें

मोहिनी राव को अपने दांतों पर बहुत गर्व था। उनके एक साइज के चमचमाते दांत देख कर अकसर लोग पूछ बैठते कि क्या उन्होंने इन्हें डेंटिस्ट से सही करवाया है। मोहिनी हंस कर कहती, ‘जब मेरे दांत इतने अच्छे हैं, तो मुझे डेंटिस्ट के पास जाने की क्या जरूरत?’

मोहिनी पहली बार डेंटिस्ट के पास तब गई, जब उसके मसूड़ों में से खून आने लगा, दांतों में कैविटी रहने लगी। दिक्कत यह थी कि मोहिनी को ब्रश करने का सही तरीका ही नहीं पता था। वह टूथब्रश को दांतों पर लगभग पंद्रह मिनट तक घिसती थी। इससे दांत तो चमक जाते थे, पर ना मसूड़ों की सफाई होती थी और ना ही दो दांतों के बीच की सफाई हो पाती थी। डेंटिस्ट से मिलने के बाद उसे अहसास हुआ कि सिर्फ दांतों में खराबी हो, तभी इलाज नहीं किया जाता, बल्कि समय-समय पर दांतों की सफाई करवाते रहना जरूरी है, ताकि दांत लंबे समय तक स्वस्थ बने रहें।

मेरे पास ऐसी कई महिलाएं आती हैं, जो कहती हैं कि उनके दांत बाहर को निकले हैं या टेढ़े-मेढ़े हैं, मसूड़े सुंदर और स्वस्थ नहीं हैं। वे सबके सामने मुस्कुराने या हंसने से बचती हैं। हंसते समय मुंह पर हाथ रख लेती हैं। पर यह सोच बिलकुल गलत है। अच्छी मुस्कान के लिए दांतों का स्वस्थ रहना जरूरी है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आपके  दांत कैसे हैं। 

सबसे पहले तो हमें यह समझना होगा कि दांत और पूरा मुंह हमारे लिए उतने ही महत्वपूर्ण हैं, जितना शरीर का कोई दूसरा हिस्सा। अच्छी मुस्कान के लिए शोख लिपस्टिक से ज्यादा जरूरी है सफेद दांत और गुलाबी मसूड़े। सबसे पहले तो आप अपनी मुस्कान को जितना हो सके उतना सादा रखें। बनावटी मुस्कान से चेहरा नकली लगने लगता है।

मुस्कुराते समय आपके दिमाग में सकारात्मक भावना या विचार होने चाहिए। इससे आप खुश महसूस करेंगी और इसकी झलक आपकी मुस्कुराहट में भी नजर आएगी।

मैंने देखा है कि जो लोग अपनी जिंदगी से खुश रहते हैं, बात-बात पर हंसते-मुस्कुराते हैं, उन्हें बाकी बीमारियां तो कम होती ही है, दांतों की परेशानियां भी कम होती हैं। मुस्कुराना और हंसना एक तरह से मुंह का व्यायाम है। जब आप मुस्कुराते हैं तो चेहरे की मांसपेशियों में खिंचाव होता है, मसूड़ों का ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है। अगर सुबह और रात को ब्रश करने के बाद आप हंसेंगे या मुस्कुराएंगे, तो मसूड़ों की एक तरह से मालिश हो जाएगी।

परफेक्ट मुस्कुराहट के लिए अपनाएं ये टिप्स

 अगर आपके मुंह से बदबू आ रही हो, मसूड़ों से खून आ रहा हो या कुछ खाने-पीने के बाद दांतों में झनझनाहट हो, तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं।

अपने दांत सफेद रखने के लिए हॉलीवुड नायिका जूलिया राबट्र्स खाने के सोडे से दांतों की घिसाई करती हैं। आप सप्ताह में एक बार सोडियम युक्त नमक से दांत घिसें। इससे दांत स्वस्थ होंगे और चमकेंगे भी। दांतों की सफाई करवाते समय ब्लीचिंग भी करवा लें, इससे भी दांत चमक जाएंगे।

मुस्कुराने से ना हिचकें, जब भी मौका मिले, मुस्कुराएं, हंसें। इससे आपकी सुंदरता यकीनन कई गुना बढ़ जाएगी।

- डेंटिस्ट डॉ. अरुणिमा से बातचीत के आधार पर 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें