फोटो गैलरी

Hindi Newsरालोद ने दो घंटे फ्री रखा यमुना एक्सप्रेस वे का मांट टोल

रालोद ने दो घंटे फ्री रखा यमुना एक्सप्रेस वे का मांट टोल

राष्ट्रीय लोकदल द्वारा मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर यमुना एक्सप्रेस वे के सभी टोल पर धरना प्रस्तावित था। इसी के तहत मंगलवार को आगरा के खंदौली और मथुरा के मांट टोल पर दोपहर करीब 12 बजे राष्ट्रीय...

रालोद ने दो घंटे फ्री रखा यमुना एक्सप्रेस वे का मांट टोल
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 18 Oct 2016 04:40 PM
ऐप पर पढ़ें

राष्ट्रीय लोकदल द्वारा मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर यमुना एक्सप्रेस वे के सभी टोल पर धरना प्रस्तावित था। इसी के तहत मंगलवार को आगरा के खंदौली और मथुरा के मांट टोल पर दोपहर करीब 12 बजे राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने पहुंच कर धरना शुरू कर दिया। कुछ देर तक दोनों जगह पर एक्सप्रेस वे के पास धरना चला। इसके बाद मांट में रालोद कार्यकर्ता मांट टोल पर पहुंच गए। इन लोगों ने दोपहर करीब दो बजे टोल पर कब्जा करके टोल फ्री करा दिया। इधर आगरा में खंदौली टोल पर कब्जा करने जाते रालोद नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मांट टोल पर से करीब पौने चार बजे रालोद कार्यकर्ता हटे। इसके बाद यहां पर टोल टैक्स का संचालन दोबारा शुरू हो सका।

राष्ट्रीय लोकदल में जान फूंकने को प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। इसी के तहत रालोद ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को यमुना एक्सप्रेस वे के सभी टोल पर एक साथ धरना देने की तैयारी की थी। इसी के तहत मांट में सैकड़ों कार्यकर्ता दोपहर करीब 12.30 बजे टोल के पास पहुंच कर धरना देने लगे। इसी दौरान दोपहर दो बजे इन लोगों ने अचानक टोल की ओर कूंच कर दिया। रालोद कार्यकर्ताओं मांट टोल पर पहुंच कर चौधरी चरण सिंह, अजीत सिंह और जयंत चौधरी जिंदाबाद के नारे लगाने लगे।

इस दौरान इनका नेतृत्व जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह भरंगर, कुंवर नरेंद्र सिंह, योगेश नौहवार, डॉ. योगेंद्र सिंह पचहरा और निरंजन सिंह धनगर कर रहे थे। दो बजे टोल पर पहुंचे रालोद नेताओं ने वहीं पर धरना शुरू करा कर टोल को फ्री करा दिया। इधर सूचना पर पहुंची पुलिस भी मूक दर्शक बनी पास ही खड़ी रही। इधर आगरा के खंदौली में एक्सप्रेस वे पर चढ़ते पूर्व मंत्री नरायन सिंह, डॉ.अनिल चौधरी सहित अन्य रालोद नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके कारण यहां पर टोल फ्री की योजना सफल नहीं हो सकी। मांट में टोल पर धरना देते राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ता शाम करीब पौने चार बजे टोल पर से हटते दिखे। इसके बाद टोल का संचालन दोबारा शुरू हो सका।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें