फोटो गैलरी

Hindi Newsमैनपुरी में दबंग ले गए पुत्री, दलित परिवार ने दी धर्म परिवर्तन की धमकी

मैनपुरी में दबंग ले गए पुत्री, दलित परिवार ने दी धर्म परिवर्तन की धमकी

औंछा थाना क्षेत्र के ग्राम नगला महानंदा का दलित परिवार धर्म परिवर्तन करेगा। ये परिवार न्याय न मिलने से नाराज है। परिवार की एक लड़की गांव के ही नामजद उठा ले गए हैं। लड़की के पिता ने इस संबंध में एसपी से...

मैनपुरी में दबंग ले गए पुत्री, दलित परिवार ने दी धर्म परिवर्तन की धमकी
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 30 Dec 2016 10:20 PM
ऐप पर पढ़ें

औंछा थाना क्षेत्र के ग्राम नगला महानंदा का दलित परिवार धर्म परिवर्तन करेगा। ये परिवार न्याय न मिलने से नाराज है। परिवार की एक लड़की गांव के ही नामजद उठा ले गए हैं। लड़की के पिता ने इस संबंध में एसपी से भी शिकायत की है। पिता का कहना है कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही। आरोपी खुलेआम मुकदमा वापस लेने की धमकी दे रहे हैं।

नगला महानंदा निवासी सुमनप्रकाश जाटव ने एसपी को शिकायती पत्र देकर कहा कि गांव के ही नामजद दीपेंद्र यादव, राजीव यादव उनकी 18 वर्षीय पुत्री को उठा ले गए हैं। 18 दिसंबर को औंछा थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई तो पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा भी पंजीकृत कर लिया। लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जा रही। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और मुकदमा वापस न लेने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पुलिस को इसकी जानकारी भी दी गई लेकिन पुलिस कोई मदद नहीं कर रही।

धर्म परिवर्तन के लिए मैनपुरी की संस्था से कर ली बात

मैनपुरी। पुत्री की बरामदगी न होने से परेशान सुमनप्रकाश ने धर्म परिवर्तन करने की धमकी दी है। पीड़ित का कहना है कि उसे न्याय नहीं मिल रहा इसलिए उसने धर्म परिवर्तन करने का फैसला किया है। दो दिन में उसकी पुत्री बरामद नहीं हुई और आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो वो परिवार के साथ धर्म परिवर्तन कर लेगा। सुमन ने ये भी कहा कि उसकी मैनपुरी की एक धर्म परिवर्तन कराने वाली संस्था से बात भी हो चुकी है।

आरोपियों को पकड़ने के लिए छह बार दी गई दबिश

मैनपुरी। इस मामले में थाना प्रभारी औंछा सुशील कुमार का कहना है कि पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया था। उच्चाधिकारियों के संज्ञान में पूरा मामला है। उन्होंने आरोपियों को दबोचने के लिए मामला दर्ज करने के बाद पांच बार दबिश दी है। आरोपी घर से फरार हैं। सीओ के साथ भी दबिश दी गई है। जल्द आरोपियों को पकड़ा जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें