मैनपुरी में बाइक सवारों ने 50 हजार की नगदी, लाखो के आभूषण लूटे
करहल कुर्रा मार्ग पर तखरऊ पुल के निकट अपाचे सवार बदमाशों ने बाइक से जा रहे भाई और उसकी दो बहनों से लाखो के आभूषण लूट लिए। बदमाश 50 हजार रुपये की नगदी भी लूट ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस...
करहल कुर्रा मार्ग पर तखरऊ पुल के निकट अपाचे सवार बदमाशों ने बाइक से जा रहे भाई और उसकी दो बहनों से लाखो के आभूषण लूट लिए। बदमाश 50 हजार रुपये की नगदी भी लूट ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंच गई। बदमाशों की तलाश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। मामले की तहरीर दी गई है।
किशनी थाना क्षेत्र के ग्राम नगला अहिर निवासी रामकिशोर उर्फ कल्लू बुधवार को करहल आए थे। वे अपनी दो बहनों को बाइक पर बैठाकर सायं 5 बजे के करीब घर वापस लौट रहे थे। तखरऊ के पुल के पास सफेद अपाचे सवार बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मार उन्हें गिरा दिया। इसके बाद बदमाशों ने लूटपाट शुरू कर दी। रामकिशोर एक बदमाश से भिड़ गए और उसका तमंचा छीन लिया। लेकिन दूसरे बदमाश ने उनके सिर पर तमंचा लगा दिया।
जान से मारने की धमकी देकर रामकिशोर से 50 हजार की नगदी सोने की चेन तथा उनकी दोनों बहनों से 2 सोने की चेन, कानों के आभूषण तथा दोनों से पर्स में रखे आभूषण और नगदी लूट ले गए। रामकिशोर ने बताया कि उनके चाचा के पुत्र के बच्चा हुआ था। आज घर में कार्यक्रम था इसलिए वे अपनी बहनों को लेकर जा रहे थे। घटना की तहरीर दी गई है। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली। दिनदहाड़े हुई लूट की घटना से हड़कंप मच गया है।