फोटो गैलरी

Hindi Newsगिरमिटिया मजदूरों के जरिए कैरेबियाई देश पहुंचा था फाग

गिरमिटिया मजदूरों के जरिए कैरेबियाई देश पहुंचा था फाग

कैरेबियाई देशों गुयाना, सूरीनाम और त्रिनिदाद में भी रंगों का पर्व होली पूरे जोश और उमंग के साथ मनाया जाता है और इस दिन भारतीय मूल के लोग गुजिया, गुलगुले से लेकर भांग वाली ठंडाई तक का मजा लूटते हैं...

गिरमिटिया मजदूरों के जरिए कैरेबियाई देश पहुंचा था फाग
एजेंसीWed, 17 Feb 2010 12:15 PM
ऐप पर पढ़ें

कैरेबियाई देशों गुयाना, सूरीनाम और त्रिनिदाद में भी रंगों का पर्व होली पूरे जोश और उमंग के साथ मनाया जाता है और इस दिन भारतीय मूल के लोग गुजिया, गुलगुले से लेकर भांग वाली ठंडाई तक का मजा लूटते हैं ।

19वीं सदी के अंत तथा 20वीं सदी की शुरुआत में गिरमिटिया मजदूरों के रूप में गुयाना, सूरीनाम और त्रिनिदाद में जा बसे भारतीय मूल के लोगों ने सबसे पहले इन कैरेबियाई देशों में होली खेलने की शुरुआत की थी, जिसे इन देशों में फाग के नाम से जाना जाता है।

गुयाना और सूरीनाम में 30 फीसदी से अधिक आबादी भारतीय मूल के लोगों की है और यहां फाग एक बेहद महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अवकाश होता है, जिस दिन सब लोग पूरी फुरसत के साथ रंगों का त्योहार मनाते हैं। यहां फाग का एक रोचक पहलू यह है कि 1970 के दशक में बहुत से गुयानावासी अमेरिका के रिचमंड हिल और जमैका के क्वींस में जा बसे, जहां आज उनकी अच्छी खासी आबादी है।

ये लोग फाग को अपने साथ अपने नए देश ले गए और आज आलम यह है कि रिचमंड हिल में होली के मौके पर बाकायदा फाग परेड निकाली जाती है। इस परेड में शामिल होने के खास नियम हैं, जिनके तहत कोई शराब पीकर परेड में नहीं आ सकता और न ही परेड में कोई राजनीतिक बैनर लगाया जा सकता है।

रिचमंड हिल में तो फाग परेड की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक दिन पहले आम जनता के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की जाती है, ताकि लोग परेड मार्ग पर वाहन लेकर न आएं। परेड का संचालन और आयोजन फगवा परेड समिति करती है।

अमेरिका में 9/11 के आतंकवादी हमले के बाद आशंका जताई जा रही थी कि फगवा परेड को आतंकवादी निशाना बना सकते हैं, लेकिन परेड में कभी किसी प्रकार की बाधा नहीं आई। इस दिन लोग हमेशा रंगों के साथ मस्ती करते हैं।

इन कैरेबियाई देशों की होली काफी कुछ भारत की होली से मिलती है और इसका प्रमुख कारण है कि यहां बसे भारतीय मूल के अधिकतर लोग बिहार, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के हैं। इन देशों में न केवल फाग खेला जाता है, बल्कि होलिका दहन भी होता है और फाग का महीना शुरू होते ही लोग एक दूसरे के घरों या मंदिर में जाकर फाग के गीत गाते हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें