अमर के समर्थन में जया बच्चन, चल सकती है तलवार
समाजवादी पार्टी से निकाले गए अमर सिंह का साथ देने के कारण सदी के नायक अमिताभ बच्चन की पत्नी और सपा की राज्यसभा सदस्य जया बच्चान की पार्टी की सदस्यता पर भी खतरा मंडराने लगा है। बच्चन परिवार अब खुल कर...
समाजवादी पार्टी से निकाले गए अमर सिंह का साथ देने के कारण सदी के नायक अमिताभ बच्चन की पत्नी और सपा की राज्यसभा सदस्य जया बच्चान की पार्टी की सदस्यता पर भी खतरा मंडराने लगा है।
बच्चन परिवार अब खुल कर सपा से बर्खास्त किए गए अमर सिंह के पक्ष में आ गया है। अमिताभ और जया आगामी 26 फरवरी को अमर सिंह के गृह जिले आजमगढ. के पकडी़ गांव में कम्प्यूटर और अंग्रेजी प्रशिक्षण केन्द्र का उद्घाटन करेंगे। सपा अंग्रेजी और कम्प्यूटर शिक्षा के खिलाफ है। पार्टी की नीति है कि मानव श्रम को नजरअंदाज कर अंग्रेजी और कम्प्यूटर की शिक्षा नहीं दी जानी चाहिए।
सपा में अमर सिंह प्रकरण पर जया बच्चन अब तक तटस्थ की भूमिका में रही हैं, लेकिन अब पार्टी की नीति के खिलाफ अंग्रेजी और कम्प्यूटर केन्द्र के उद्घाटन तथा सपा को नुकसान पहुंचाने को लेकर आज पार्टी से निकाले गए अमर सिंह का साथ देने पर उनकी सदस्यता पर भी खतरा मंडराने लगा है।