फोटो गैलरी

Hindi Newsझारखंडः झामुमो-भाजपा ने किया सरकार बनाने का दावा पेश

झारखंडः झामुमो-भाजपा ने किया सरकार बनाने का दावा पेश

झारखंड के राज्यपाल के शंकरनारायणन ने शनिवार को झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन को भाजपा के समर्थन वाले विधायकों की वह सूची पेश करने के लिए कहा है जिसके आधार पर सोरेन ने सरकार बनाने का दावा किया है। राजभवन...

झारखंडः झामुमो-भाजपा ने किया सरकार बनाने का दावा पेश
एजेंसीSat, 26 Dec 2009 04:58 PM
ऐप पर पढ़ें

झारखंड के राज्यपाल के शंकरनारायणन ने शनिवार को झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन को भाजपा के समर्थन वाले विधायकों की वह सूची पेश करने के लिए कहा है जिसके आधार पर सोरेन ने सरकार बनाने का दावा किया है।
राजभवन सूत्रों ने कहा कि राज्यपाल ने पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन और उनके पुत्र हेमंत, भाजपा के रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, यशवंत सिन्हा और आजसू के सुदेश महतो को मिलने के लिए शनिवार दोपहर तीन बजे का समय दिया है।

बहरहाल भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने मुंबई में कहा कि उनकी पार्टी झारखंड में सरकार बनाएगी। इस तरह उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए कि राज्य में गठबंधन सरकार बनने जा रही है।

भाजपा के पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह और पार्टी महासचिव अनंत कुमार शुक्रवार रात रांची पहुंच चुके हैं। अनंत कुमार पार्टी पर्यवेक्षक की हैसियत से रांची आए हैं और वह विधायक दल की बैठक में उपस्थित रहे। पार्टी ने राजनाथ सिंह को राज्य में सरकार के गठन का पर्यवेक्षक बनाया है।

झामुमो ने शुक्रवार को भाजपा के सहयोग से सरकार बनाने की घोषणा की। बहरहाल बाद में उसने कहा कि इस संबंध में पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से वार्ता के बाद फैसला किया जाएगा। आजसू के पांच विधायक हैं। आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो को विधायक दल का नेता चुना गया है।

सरकार गठन के बारे में समझौता फार्मूला की कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन झामुमो का कहना है कि नई सरकार के गठन का फार्मूला तय हो गया है। समझौता फार्मूला के अनुसार दो उपमुख्यमंत्री होंगे। इनमें से एक भाजपा और दूसरा आजसू से होगा।

सूत्रों के अनुसार भाजपा के रघुवर दास और आजसू के सुदेश महतो का नाम उप मुख्यमंत्री पद के लिए तय हो चुका है। मंत्रिमंडल में झामुमो और भाजपा के चार-चार, आजसू के दो और जनता दल-यूनाइटेड का एक सदस्य शामिल हो सकते हैं। विधानसभा अध्यक्ष का पद भाजपा को मिल सकता है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें