फोटो गैलरी

Hindi Newsहिंसक प्रदर्शन की अगुवाई पर नारायण राणे का बेटा गिरफ्तार

हिंसक प्रदर्शन की अगुवाई पर नारायण राणे का बेटा गिरफ्तार

महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री नारायण राणे के बेटे नीतेश राणे को मुंबई में जल की आपूर्ति में कटौती के खिलाफ बृहन्नमुंबई नगर निगम (बीएमसी) के बाहर हिंसक प्रदर्शन की अगुवाई करने के आरोप में गुरुवार...

हिंसक प्रदर्शन की अगुवाई पर नारायण राणे का बेटा गिरफ्तार
एजेंसीThu, 03 Dec 2009 08:02 PM
ऐप पर पढ़ें

महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री नारायण राणे के बेटे नीतेश राणे को मुंबई में जल की आपूर्ति में कटौती के खिलाफ बृहन्नमुंबई नगर निगम (बीएमसी) के बाहर हिंसक प्रदर्शन की अगुवाई करने के आरोप में गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि बाद में उसे जमानत दे दी गयी।

गिरफ्तारी के बाद नीतेश को दक्षिण मुंबई में मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया जहां 5,000 रुपये के मुचलके पर उसे जमानत दे दी गयी। आजाद मैदान पुलिस ने नीतेश के अलावा 24 अन्य को गिरफ्तार किया था जिसके बाद उन पर दंगा करने, एक लोकसेवक को उसकी डयूटी करने से रोकने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया। जमानत मिलने से पहले नीतेश को 16 दिसम्बर तक की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

नीतेश और उसके गैर सरकारी संगठन स्वाभिमान की अगुवाई में गुरुवार को करीब 3,000 लोगों ने बीएमसी के बाहर प्रदर्शन किया और जल की आपूर्ति में 30 फीसदी की कटौती में कमी लाने की मांग की। रैली में ठाणे, मुलुंड, नवी मुंबई और मुंबई के प्रदर्शनकारियों ने शिरकत की। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज भी किया।

लाठीचार्ज में विरल ढोलकिया (43) नाम के एक प्रदर्शनकारी की मौत हुई जबकि कई अन्य घायल हो गए। नीतेश ने प्रदर्शन के दौरान कहा था कि जलापूर्ति में की गयी कटौती में कमी नहीं की गयी तो उनकी संस्था स्वाभिमान महापौर, बीएमसी के आयुक्त और निगम पार्षदों को सड़कों पर नहीं चलने देगी।
  
नीतेश ने कहा था कम पानी मिलने से मुंबईवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जलापूर्ति सामान्य स्तर पर लायी जानी चाहिए। शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे के आवास मातोश्री में 24 घंटे जलापूर्ति होती है। मुंबई के आम लोगों ने ऐसा कौन सा पाप किया कि उन्हें कम पानी मुहैया कराया जा रहा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें