फोटो गैलरी

Hindi Newsमंडोर एक्सप्रेस पटरी से उतरी, छह मरे 20 घायल

मंडोर एक्सप्रेस पटरी से उतरी, छह मरे 20 घायल

जयपुर से करीब 30 किमी दूर जयपुर-दिल्ली रेल मार्ग पर गुरुवार रात जटवाड़ा रेलवे स्टेशन के पास जोधपुर से दिल्ली जा रही मंडोर एक्सप्रेस-2462 के दस डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे छह यात्रियों की मौत हो गई...

मंडोर एक्सप्रेस पटरी से उतरी, छह मरे 20 घायल
एजेंसीSat, 14 Nov 2009 02:33 PM
ऐप पर पढ़ें

जयपुर से करीब 30 किमी दूर जयपुर-दिल्ली रेल मार्ग पर गुरुवार रात जटवाड़ा रेलवे स्टेशन के पास जोधपुर से दिल्ली जा रही मंडोर एक्सप्रेस-2462 के दस डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे छह यात्रियों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए।

उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य महाप्रबंधक आरएन वर्मा और मुख्य सुरक्षा अधिकारी मुंबई से जयपुर पहुंचने वाले हैं। उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के एन इंखिया और पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
   
उन्होंने बताया कि मृतकों में से तीन की पहचान उज्जवल कुमार, कुमारी सोनल और सुदेश कुमार के तौर पर हुई है। शेष की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
   
उन्होंने बताया कि जयपुर से करीब एक बज कर दस मिनट पर रवाना हुई मंडोर एक्सप्रेस बासखों फाटक के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे छह व्यक्ति मारे गए। इंखिया ने बताया कि 19 घायलों का जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में उपचार चल रहा है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही राहत ट्रेन और रेलवे राज्य सरकार के प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

इंखिया ने बताया कि दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। घायल यात्रियों को राज्य परिवहन निगम की बसों से जयपुर लाया गया है। हादसे के कारण जयपुर-दिल्ली रेल मार्ग पर यातायात रोक दिया गया है।
   
उन्होंने बताया कि दुर्घटना में तीन एसी डिब्बे और पांच आरक्षित डिब्बे पटरी से उतरे हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हादसे में 20 व्यक्ति घायल हुए हैं। 

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंडौर एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटना में मारे गए यात्रियों के आश्रितों को और घायलों को आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। गहलोत ने रेल दुर्घटना में मारे गए यात्रियों के परिजनों को दो-दो लाख, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एक-एक लाख रुपए और मामूली रूप से घायल यात्रियों को 50-50 हजार रूपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।
   
वन मंत्री रामलाल जाट और परिवहन मंत्री बजसुन्दर शर्मा मौके पर रवाना हो गए हैं। गहलोत ने अधिकारियों को घायलों का उपचार कराने और हादसे के कारण घटनास्थल पर फंसे यात्रियों को जयपुर लाने के लिए राज्य परिवहन निगम की बसें भेजने के आदेश दिए हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें