फोटो गैलरी

Hindi Newsहो गया है समाधान: येदियुरप्पा

हो गया है समाधान: येदियुरप्पा

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने शनिवार को कहा कि संकट का समाधान हो गया है। राज्य में कुछ असंतुष्टों ने येदियुरप्पा को पद से हटाने की मांग की है।     मुख्यमंत्री ने कहा सब...

हो गया है समाधान: येदियुरप्पा
एजेंसीSat, 07 Nov 2009 02:45 PM
ऐप पर पढ़ें

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने शनिवार को कहा कि संकट का समाधान हो गया है। राज्य में कुछ असंतुष्टों ने येदियुरप्पा को पद से हटाने की मांग की है।
   
मुख्यमंत्री ने कहा सब कुछ हल कर लिया गया है और मैं पार्टी आलाकमान का आभारी हूं कि उन्होंने मुझ पर विश्वास जताया। मैं हर एक को विश्वास में लूंगा।

पार्टी में आए संकट को लेकर केंद्रीय आलाकमान से मुलाकात करने के लिए नई दिल्ली आए येदियुरप्पा ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी।
   
उधर, येदियुरप्पा को हटाने की मांग कर रहे रेड्डी बंधुओं में से एक जनार्दन रेड्डी ने कहा कि वह अपने रूख से एक कदम भी पीछे नहीं हटे हैं और उन्हें उम्मीद है कि पार्टी आलाकमान कर्नाटक और भाजपा के बेहतर हित में फैसला करेगा। जनार्दन रेड्डी राज्य में पर्यटन मंत्री हैं।

जम्मू स्थित वैष्णो देवी के लिए रवाना होने से पहले येदियुरप्पा ने कहा कि वह रेड्डी बंधुओं की मांगों पर विचार करेंगे और भाजपा आलाकमान का जो भी फैसला होगा, वह उन्हें मान्य होगा।

येदियुरप्पा ने कहा कि उनके अनुसार समस्या का समाधान हो गया है और वह वैष्णो देवी की यात्रा के बाद शनिवार को ही बेंगलुरु लौट जाएंगे। वहीं पार्टी सूत्रों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच एक छह सूत्रीय समझौते के फॉर्मूले पर सहमति बनाने का प्रयास किया जा रहा है और उम्मीद है कि शनिवार शाम तक इस बारे में अंतिम निर्णय हो जाएगा।

इस समझौता फॉर्मूले के तहत कर्नाटक के मामलों में कोर समिति का गठन, राज्य मंत्रिमंडल से ग्रामीण विकास मंत्री शोभा करांदलाजे को पद से हटाने, जगदीश शेट्टर को मंत्रिमंडल में शामिल करना, राज्य में खदान कर वापस लेना और कुछ अधिकारियों के तबादले आदि शामिल हैं।

इस बीच आलाकमान पर दबाव बनाने के लिए रेड्डी बंधु समर्थक 53 विधायकों ने जो इस्तीफे रेड्डी को भेजे थे, वह पार्टी के वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज को सौंप दिए गए हैं। उम्मीद की जा रही है कि शनिवार शाम दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों के साथ आलाकमान की ओर से संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में समस्या के समाधान का ऐलान कर दिया जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें