फोटो गैलरी

Hindi Newsजेयूडी प्रमुख हाफिज सईद नजरबंदी में !

जेयूडी प्रमुख हाफिज सईद नजरबंदी में !

जमात-उद-दावा प्रमुख और मुंबई हमलों के सूत्रधार हाफिज मोहम्म्द सईद को लाहौर में एक तरह से नजरबंदी में रखा गया है। एक तरफ जहां मीडिया का दावा है कि सईद को नजरबंदी में रखा गया है, वहीं एक वरिष्ठ पुलिस...

जेयूडी प्रमुख हाफिज सईद नजरबंदी में !
एजेंसीMon, 21 Sep 2009 11:10 AM
ऐप पर पढ़ें

जमात-उद-दावा प्रमुख और मुंबई हमलों के सूत्रधार हाफिज मोहम्म्द सईद को लाहौर में एक तरह से नजरबंदी में रखा गया है।

एक तरफ जहां मीडिया का दावा है कि सईद को नजरबंदी में रखा गया है, वहीं एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि सईद की गतिविधियों पर सिर्फ कुछ प्रतिबंध लगाए गए हैं और उसे गद्दाफी स्टेडियम में ईद की नमाज में भाग नहीं लेने दिया जाएगा।

पाकिस्तानी निजी समाचार चैनल जियो न्यूज की खबर में कहा गया है सईद को नजरबंदी में रखा गया है। उसके घर के बाहर तैनात पुलिस बल उसकी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाए गए हुए हैं।

सईद के जोहार कस्बे स्थित घर के बाहर रविवार रात पुलिस के एक दल को तैनात किया गया, जो उसकी गतिविधियों को रोक रहा है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि क्या उसे आधिकारिक तौर पर नजरबंदी में रखा गया है।

टीवी समाचार चैनलों के अनुसार सुरक्षा की दृष्टि से उसकी गतिविधियों को प्रतिबंधित किया गया है। इस मामले पर अब तक कोई आधिकारिक वक्तव्य नहीं आया है। लश्कर-ए-तय्यबा के संस्थापक सईद के गद्दाफी स्टेडियम में ईद की नमाज का नेतृत्व करने की संभावना थी।

यह कदम पाकिस्तानी अधिकारियों द्वारा सईद के खिलाफ आतंकवाद निरोधक अधिनियम के तहत दो प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद आया है। उस पर लगे ताजा आरोपों का मुंबई हमलों से कोई लेना-देना नहीं है।

भारत बार-बार सईद पर कार्रवाई की मांग करता आया है, लेकिन पाकिस्तान का कहना है कि उसके खिलाफ भारत द्वारा उपलब्ध कराए गए सबूत उसे गिरफ्तार करने या उस पर मुकदमा चलाने के लिए पर्याप्त नहीं हैं।

जेयूडी के प्रवक्ता याहया मुजाहिद ने कहा कि सईद को उसकी पसंद के स्थान पर ईद की नमाज में शामिल होने की अनुमति न देना उसके साथ अन्याय है। उसने दावा किया कि पाकिस्तान सरकार सईद के खिलाफ कार्रवाई अमेरिका और भारत के दबाव के कारण कर रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें