फोटो गैलरी

Hindi Newsकैलिफोर्निया में उतरा डिस्कवरी यान

कैलिफोर्निया में उतरा डिस्कवरी यान

दो दिनों तक खराब मौसम से जूझने के बाद अंतरिक्ष यान डिस्कवरी अपने सात अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर कैलिफोर्निया में शनिवार को सुरक्षित उतर गया। खराब मौसम के चलते यह फ्लोरिडा में नहीं उतर सका। अंतरिक्ष...

कैलिफोर्निया में उतरा डिस्कवरी यान
एजेंसीSat, 12 Sep 2009 05:52 PM
ऐप पर पढ़ें

दो दिनों तक खराब मौसम से जूझने के बाद अंतरिक्ष यान डिस्कवरी अपने सात अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर कैलिफोर्निया में शनिवार को सुरक्षित उतर गया। खराब मौसम के चलते यह फ्लोरिडा में नहीं उतर सका।

अंतरिक्ष में चक्कर लगा रहे डिस्कवरी ने बादलों को चीरते हुए सूर्यास्त से एक घंटे पूर्व लॉस एंजिलिस के उत्तर में स्थित एडवडर्स एयर फोर्स बेस में प्रवेश किया। यान के उतरते ही मिशन कंट्रोल से आवाज गूंजी अपने घर पर डिस्कवरी का स्वागत है। एक बहुत ही सफल अभियान पर बधाई।

तूफानी मौसम ने गुरुवार को डिस्कवरी के लिए धरती पर उतरना मुश्किल कर दिया था। शुक्रवार को भी मौसम खराब था, इसलिए उड़ान निदेशक रिचर्ड जोंस ने मोजावे डेजर्ट के आसमान को विकल्प के रूप में चुना। डिस्कवरी के उतरते ही लॉस एंजिलिस और नजदीकी शहरों में बहुत तेज आवाज सुनी गई।

डिस्कवरी के पहियों के जमीन से छूते ही वहां मौजूद सैन्य अधिकारियों के परिवारों ने ताली बजाकर यान का स्वागत किया। नासा किसी भी अंतरिक्ष यान को फ्लोरिडा में उतारने को ही वरीयता देता है, क्योंकि अन्यत्र उतारने पर इसे फ्लोरिडा पहुंचाना होता है। किसी यान को दूसरी जगह उतारे जाने पर इसे एक अत्याधुनिक बड़े जेट पर रखकर फ्लोरिडा पहुंचाया जाता है, जिसमें 17 लाख अमेरिकी डॉलर खर्च होते हैं और इस काम में एक सप्ताह से भी ज्यादा वक्त लगता है।

आसमानी बिजली और तूफान की वजह से डिस्कवरी अभियान के शुरू होने में भी विलंब हुआ था। डिस्कवरी ने गत 28 अगस्त को उड़ान भर कर 57 लाख मील की दूरी तय की।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें