फोटो गैलरी

Hindi Newsसाजिशकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करे पाक : अमेरिका

साजिशकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करे पाक : अमेरिका

पाकिस्तान पर दबाव बनाते हुए ओबामा प्रशासन ने शनिवार को कहा कि वह मुंबई हमलों की साजिश रचने वालों को न्याय के कठघरे में लाए। अमेरिका की यह तल्खी गृहमंत्री पी चिदंबरम द्वारा अमेरिकी विदेश मंत्री...

साजिशकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करे पाक : अमेरिका
एजेंसीSat, 12 Sep 2009 02:14 PM
ऐप पर पढ़ें

पाकिस्तान पर दबाव बनाते हुए ओबामा प्रशासन ने शनिवार को कहा कि वह मुंबई हमलों की साजिश रचने वालों को न्याय के कठघरे में लाए।

अमेरिका की यह तल्खी गृहमंत्री पी चिदंबरम द्वारा अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन और शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के साथ की गई कुछ कड़ी बातचीत के एक दिन बाद आई।

चिदंबरम ने अमेरिकी अधिकारियों से कहा था कि पाकिस्तान गत वर्ष 26 नवंबर को हुए नरसंहार के मास्टरमाइंड हाफिज मोहम्मद सईद सहित हमलों की साजिश रचने वाले अन्य आतंकी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने में टाल मटोल कर रहा है।

चिदंबरम ने कहा था कि लश्कर-ए-तैयबा का संस्थापक सईद पाकिस्तान में खुलेआम घूम रहा है। अमेरिका के सहायक विदेश मंत्री पीजे क्राउली ने संवाददाताओं से कहा कि हम उम्मीद करेंगे कि पाकिस्तानी अधिकारी अपनी जांच जारी रखेंगे और षडयंत्रकारियों को न्याय के कठघरे में लाएंगे।

चिदंबरम ने गृहमंत्री के रूप में अपनी पहली अमेरिका यात्रा के दौरान अमेरिकी अधिकारियों से यह भी कहा कि पाकिस्तान की ओर से सुरक्षा खतरा कम नहीं हुआ है और पिछले चार महीनों में सीमा पार से घुसपैठ बढ़ी है।

हिलेरी और चिदंबरम के बीच हुई बातचीत के बारे में पूछे जाने पर क्राउली ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच जिन विषयों पर बात हुई, उनमें मुंबई हमलों के बाद आतंकवाद के खिलाफ जारी सहयोग और दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग को और गहरा किए जाने के मुद्दे भी शामिल थे।

नयी दिल्ली में एक शीर्ष सरकारी अधिकारी ने बताया कि चिदंबरम ने अमेरिकी अधिकारियों को आतंकवादियों और सरगनाओं की तीन सूचियां भी सौंपी, जिनमें भारतीय सुरक्षाबलों द्वारा पिछले साल देश के विभिन्न हिस्सों में मारे गए 60 पाकिस्तानियों और गिरफ्तार किए गए 10 अन्य के नाम भी शामिल थे।

अधिकारी ने कहा कि सूची में पाकिस्तानी आतंकवादियों के नाम और पते शामिल थे। अमेरिका यात्रा संपन्न होने पर चिदंबरम ने संवाददाताओं से कहा कि वह बहुत से विचारों के साथ भारत वापस जा रहे हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें