फोटो गैलरी

Hindi Newsलद्दाख महोत्सव में बिखरेगा लोकसंस्कृति का इंद्रधनुषी रंग

लद्दाख महोत्सव में बिखरेगा लोकसंस्कृति का इंद्रधनुषी रंग

हिमालय की उत्तुंग चोटियों की अद्भुत प्राकृतिक छटा के बीच लद्दाख की लोकसंस्कृति के इंद्रधनुषी रंग बिखेरते सालाना लद्दाख महोत्सव की जम्मू-कश्मीर के लेह शहर में आगामी एक सितंबर से शुरू होगा। पंद्रह दिन...

लद्दाख महोत्सव में बिखरेगा लोकसंस्कृति का इंद्रधनुषी रंग
एजेंसीSun, 30 Aug 2009 02:46 PM
ऐप पर पढ़ें

हिमालय की उत्तुंग चोटियों की अद्भुत प्राकृतिक छटा के बीच लद्दाख की लोकसंस्कृति के इंद्रधनुषी रंग बिखेरते सालाना लद्दाख महोत्सव की जम्मू-कश्मीर के लेह शहर में आगामी एक सितंबर से शुरू होगा।

पंद्रह दिन तक चलने वाले इस महोत्सव के दौरान लद्दाख क्षेत्र की सदियों पुरानी संस्कृति, सभ्यता, परंपराओं और जनजातीय जीवन शैली की अनुपम झलक देखने को मिलेगी। मेले के आयोजकों के अनुसार इस दौरान राफ्टिंग, फेलो, तीरंदाजी और छाम प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। दूसरी ओर म्यूजिक कंसर्ट थनका प्रदर्शनी, आधुनिक चित्रकला एवं पेंटिंग प्रदर्शनी जैसे विशुद्व सांस्कृतिक आयोजन भी दर्शकों को आकर्षित करेंगे।

स्थानीय संस्कृति की महक लिए सोमोरी टी महोत्सव और नुब्रा महोत्सव के अलावा नाट समारोह, लोक संगीत, लोक नृत्य तथा पर्वतीय कृषि पर आधारित कृषि प्रदर्शनी भी लद्दाख महोत्सव के अन्तर्गत आयोजित होंगे। इसका समापन 15 सितंबर को किया जाएगा।

महोत्सव देखने के लिए आने वाले सैलानी मनोहारी प्राकृतिक वातावरण के साथ-साथ लगभग 25 विशाल गोंपा 'बौद्ध मठों' और खूबसूरत झीलों, चट्टानों पर बौद्ध संस्कृति को उकेरते भिति चित्रों आदि का भी आनंद उठा सकते हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें