फोटो गैलरी

Hindi Newsदिल्ली पहुंची हिलेरी, कई अहम मुद्दों पर वार्ता

दिल्ली पहुंची हिलेरी, कई अहम मुद्दों पर वार्ता

अमेरिका की विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन रविवार दोपहर करीब एक बजे मुंबई से नई दिल्ली पहुंच गईं। हवाई अड्डे पर उनकी अगुवाई अमेरिका में भारत की राजदूत मीरा शंकर और विदेश मंत्रालय में अमेरिकी मामलों की...

दिल्ली पहुंची हिलेरी, कई अहम मुद्दों पर वार्ता
एजेंसीSun, 19 Jul 2009 03:22 PM
ऐप पर पढ़ें

अमेरिका की विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन रविवार दोपहर करीब एक बजे मुंबई से नई दिल्ली पहुंच गईं। हवाई अड्डे पर उनकी अगुवाई अमेरिका में भारत की राजदूत मीरा शंकर और विदेश मंत्रालय में अमेरिकी मामलों की सहसचिव गायत्री कुमार ने की।

नई दिल्ली पहुंचने के तुरंत बाद वह गुड़गांव के लिए रवाना हो गईं, जहां वह जलवायु परिवर्तन पर आयोजित एक सेमिनार में हिस्सा लेंगी। सोमवार को वह प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और विदेश मंत्री एसएम कृष्णा से मुलाकात करेंगी।

गुड़गांव के बाद वह नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कृषि विज्ञान केंद्र जाएंगी, जहां वह कृषि के क्षेत्र में भारत-अमेरिका सहयोग पर व्याख्यान देंगी। रविवार शाम को वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगी।

सोमवार दोपहर को वह प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात करेंगी। प्रधानमंत्री से मुलाकात में वह द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगी। प्रधानमंत्री से मुलाकात से पूर्व क्लिंटन दिल्ली विश्वविद्यालय भी जाएंगी।

सामरिक भागीदारी को बढ़ाने के उद्देश्य से क्लिंटन भारतीय विदेश मंत्री के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ता करेंगी। नागरिक परमाणु सहयोग के अलावा दोनों पक्ष आर्थिक, रक्षा सहयोग, कृषि, विज्ञान और शिक्षा जैसे मसलों पर चर्चा करेंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें