फोटो गैलरी

Hindi Newsसूर्य नमन और गतिशीलता का पर्व है मकर संक्रांति

सूर्य नमन और गतिशीलता का पर्व है मकर संक्रांति

इस देश में मकर संक्रांति एक बेहद महत्वपूर्ण त्योहार है। संक्रांति का शाब्दिक अर्थ है- गति या चाल। जीवन हमेशा गतिशील होता है। यह पृथ्वी भी गतिशील है। इसी का नतीजा है कि यहां जीवन उपजा है। अगर यह स्थिर...

सूर्य नमन और गतिशीलता का पर्व है मकर संक्रांति
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 14 Jan 2015 03:14 PM
ऐप पर पढ़ें

इस देश में मकर संक्रांति एक बेहद महत्वपूर्ण त्योहार है। संक्रांति का शाब्दिक अर्थ है- गति या चाल। जीवन हमेशा गतिशील होता है। यह पृथ्वी भी गतिशील है। इसी का नतीजा है कि यहां जीवन उपजा है। अगर यह स्थिर होती तो इस पर जीवन होना संभव नहीं था, इसलिए इस सृष्टि की गतिशीलता में हर प्राणी शामिल है। लेकिन निश्चलता या स्थिरता की कोख से ही गति का जन्म होता है। जिसने अपने जीवन की निश्चलता का अहसास न किया हो, जिसने अपने अस्तित्व की स्थिरता को महसूस न किया हो, वह गति के चक्करों में पूरी तरह से खो जाता है।

मकर संक्रांति वह दिन है, जब राशिचक्र में महत्वपूर्ण बदलाव होता है। इस गतिशीलता से जो नए बदलाव होते हैं, वे हमें धरती पर दिखाई देते और महसूस होते हैं। साल भर में कई संक्रांतियां होती हैं। हर बार जब राशि चक्र बदलता है तो उसे संक्रांति कहते हैं, जिसका मतलब धरती की गतिशीलता को पहचानना और एहसास करना है कि हमारा जीवन इसी गतिशीलता पर आधारित है। अगर यह गतिशीलता रुक जाए तो हमारे जीवन से जुड़ा सब कुछ रुक जाएगा।

इस धरती से हमें जो मिलता है, उस संदर्भ में गतिशीलता बहुत महत्वपूर्ण है। एक समय ऐसा था, जब इंसान केवल वही खा सकता था, जो धरती उसे देती थी। इसके बाद हमने सीखा कि कैसे हम इस धरती से वो हासिल करें, जो हम चाहते हैं। यह प्रक्रिया कृषि कहलाई। यह कुछ ऐसा ही है कि जब आप नवजात शिशु थे तो आपकी मां आपको जो देती थी, बस आप वही खाते थे। जब आप बच्चे हो गए तो आप अपनी मनचाही चीजें मांगने लगे। फिर जब आप कुछ बड़े हो गए तो वो सब मांगने और पाने लगे, जो आप चाहते थे। अगर आप अपनी मांग को एक हद से ज्यादा बढ़ाने की कोशिश करते हैं तो पहले मिलने वाली चीजें तो नहीं मिलेंगी,  हां कुछ दूसरी चीजें जरूर मिल सकती हैं। यही औद्योगीकरण है।

कृषि वह है, जिसमें आप अपनी मां से अपनी मनचाही देने की खुशामद करते हैं, जबकि औद्योगीकरण में आप अपनी मांगों से उसे आहत और छिन्न-भिन्न कर देते हैं। मैं किसी चीज के खिलाफ नहीं बोल रहा। मैं चाहता हूं कि आप उस तरीके को समझें,  जिससे हमारा दिमाग और इंसानी गतिविधियां एक स्तर से दूसरे स्तर तक संचालित होते हैं। यह दिन हमें याद दिलाता है कि आज हम जो कुछ भी हैं,  वो सब इसी धरती से ही लिया हुआ है। मैं देखता हूं कि आज दुनिया में हर तरफ लोग देने की बात कर रहे हैं। अगर आप कुछ कर सकते हैं तो वह है सिर्फ लेना। क्या आप इस दुनिया में अपनी संपत्ति के साथ कहीं और से आए हैं?  आपके पास देने के लिए है क्या?  आप सिर्फ ले सकते हैं। हर चीज आपको यहीं से मिली है। उसे समझदारी से ग्रहण करें,  बस इतना ही काफी है।

मकर संक्रांति को फसलों से जुड़े त्योहार या पर्व के रूप में भी मनाया जाता है। दरअसल यही वह समय है, जब फसल तैयार हो चुकी है और हम उसी की खुशी तथा उत्सव मना रहे हैं। इस दिन हम हर उस चीज का आभार प्रकट करते हैं, जिसने खेती करने व फसल उगाने में मदद की है। कृषि से जुड़े पशुओं का खेती में एक बड़ा योगदान होता है, इसलिए मकर संक्रांति का एक दिन उनके लिए भी होता है। पहला दिन धरती का होता है, दूसरा दिन हमारा होता है और तीसरा दिन मवेशियों का। देखिए, उनकी जगह हमसे ऊपर इसलिए रखी गई है,  क्योंकि हमारा अस्तित्व उन्हीं से है। वे हमारी वजह से नहीं हैं, हम उनकी वजह से हैं। अगर हम धरती पर नहीं होते तो वे सब आजाद और खुश होते। लेकिन वो अगर यहां नहीं होते तो हम जीवित नहीं होते।

इसलिए यह फसलों का त्योहार गतिशीलता के महत्व को समझने के लिए है। लेकिन निश्चलता ही गति की बुनियाद है। जब कोई इंसान अपने भीतर की स्थिरता से संबंध जोड़ने की कोशिश करता है, तभी वह गतिशीलता का आनंद जान सकता है,  वरना इंसान जीवन की गतिशीलता से घबरा जाता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि इंसान को बदलाव से दिक्कत है। दरअसल वह समझना नहीं चाहता कि बदलाव ही जीवन है। आप गतिशीलता का तभी आनंद ले पाएंगे, जब आपका एक पैर स्थिरता में जमा होगा। अगर आपको स्थिरता का अहसास है तो गतिशीलता आपके लिए सुखद अनुभूति होगी। लोग इस गति के पीछे की चीजों को समझने की कोशिश कर रहे हैं। कभी तारों को देख कर तो कभी अपने हाथों की लकीरों में अपने जीवन की गतियों और चाल को समझना चाहते हैं। गतिशीलता के साथ यह संघर्ष इसलिए हो रहा है, क्योंकि लोगों को स्थिरता का जरा भी अनुभव नहीं है। गतिशीलता का अर्थ है विवशता और निश्चलता का मतलब है चेतना।

मकर संक्राति को खिचड़ी क्यों कहा जाता है?
सूर्य जब मकर राशि में प्रवेश कर अपनी उत्तरायण गति आरंभ करते हैं, तब इस पर्व का योग बनता है। इसलिए इस पर्व को उत्तरायणी भी कहा जाता है। सूर्यदेव इस धरती पर पंचदेवों में से एकमात्र साक्षात स्वरूप हैं। मकर संक्रांति के दिन सूर्य की उपासना,  दान एवं गंगा स्नान का विशेष महत्व है। तीर्थराज प्रयाग में संगम तट पर आज के दिन स्नान का विशेष महत्व है। प्रयाग के अतिरिक्त सम्पूर्ण भारतवर्ष में अनेक स्थानों पर मेलों का आयोजन होता है, जिसमें गंगासागर में लगने वाले में में लाखों की संख्या में श्रद्धालु गंगास्नान का पुण्य प्राप्त करते हैं। उत्तरायण पर्व पर सूर्य की उपासना विशिष्ट फल प्रदान करने वाली होती है। सूर्योपनिषद के अनुसार सभी देव,  ऋषि-मुनि सूर्य की रश्मियों में निवास करते हैं। मकर संक्रांति के दिन विशेष विधान से सूर्यदेव की आराधना करनी चाहिए।

शुभ मुहूर्त अथवा प्रात:का में गंगा या किसी भी पवित्र नदी में स्नान कर कमर तक जल के बीच में खड़े हो सूर्यदेव को अर्घ्य देना चाहिए। यदि अर्घ्य तांबे के लोटे में दिया जाए तो उत्तम रहता है। पात्र को दोनों हाथों से पकड़ कर छाती के समक्ष बीचों-बीच लाते हुए सूर्य को अर्घ्य प्रदान करना चाहिए। अर्घ्य के समय सूर्य गायत्री मंत्र का जाप करना चाहिए, जो इस प्रकार  है- ऊं आदित्याय विद्महे मार्तण्डाय धीमहि तन्न: सूर्य: प्रचोदयात। इस तरह सूर्य की आराधना करने से मनुष्य के ज्ञात-अज्ञात पाप नष्ट हो जाते हैं।

उत्तरायणी पर्व पर सूर्यदेव के साथ-साथ अपने ईष्ट भगवान का भी पूजन-वंदन करना चाहिए। मकर संक्रांति को लेकर और भी पौराणिक संदर्भ हैं। महाभारत काल में भीष्म पितामह ने 6 माह तक बाणों की शैया पर लेटे हुए अपने प्राण त्यागने के लिए इस काल की प्रतीक्षा की थी। आज ही के दिन भगवती मां गंगा भगीरथ के पीछे चलते हुए कपिल मुनि के आश्रम से होकर सागर में जा मिली थीं। उत्तर भारत में भगवान को खिचड़ी का भोग लगाने एवं दान करने की भी प्रथा है, इसलिए उत्तर भारत में इस त्योहार को खिचड़ी के नाम से भी जानते हैं। मकर संक्रांति के दिन उन्मुक्त आकाश में उड़ती रंग-बिरंगी पतंगें ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ का संदेश देती हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें