फोटो गैलरी

Hindi Newsबेगूसराय में अगवा कर पंचायत रोजगार सेवक की हत्या

बेगूसराय में अगवा कर पंचायत रोजगार सेवक की हत्या

जिले के शाम्हो प्रखंड की सलहा सैदपुर बरारी पंचायत में पदास्थापित अगवा पंचायत रोजगार सेवक (पीआरएस) राजकिशोर प्रसाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गिरफ्तार आरोपितों ने पुलिस के समक्ष पीआरएस की हत्या...

बेगूसराय में अगवा कर पंचायत रोजगार सेवक की हत्या
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 06 Jan 2015 06:36 PM
ऐप पर पढ़ें

जिले के शाम्हो प्रखंड की सलहा सैदपुर बरारी पंचायत में पदास्थापित अगवा पंचायत रोजगार सेवक (पीआरएस) राजकिशोर प्रसाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गिरफ्तार आरोपितों ने पुलिस के समक्ष पीआरएस की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। हालांकि पुलिस पीआरएस का शव अभी तक नहीं बरामद कर सकी है।

एसपी मनोज कुमार ने बताया कि पीआरएस के शव की बरामदगी के लिए पुलिस की छह टीमें दियारा इलाके में तलाशी अभियान में जुटी हुई हैं। पुलिस गंगा नदी में बोट और जाल के सहारे शव को खोज रही है। एसपी ने आरोपितों से मिली जानकारी का हवाला देते हुए बताया कि बदमाशों ने पीआरएस को 31 दिसम्बर को ही गोली मार कर उसके शव को गंगा नदी में फेंक दिया।

हत्या का कारण मनरेगा में कमीशन का विवाद है। गिरफ्तार आरोपितों में सलहा सैदपुर बरारी के सरपंच सह पैक्स अध्यक्ष राकेश यादव, मुखिया पुत्र राजकुमार यादव और ओपी पासवान शामिल है। सभी आरोपित शाम्हो थाना क्षेत्र के सलहा सैदपुर बरारी के निवासी हैं। मृतक राजकिशोर प्रसाद सलहा सैदपुर बरारी पंचायत -एक व दो के पीआरएस के रूप में पदस्थापित थे।

पीआरएस की पत्नी ने लोहियानगर सहायक थाना में 2 जनवरी को अपने पति के अपहरण की सूचना दर्ज करवाई थी। इसके बाद 4 जनवरी को मृतक के भाई शिवबालक प्रसाद ने अपने भाई के अपहरण की नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई।

पीआरएस राजकिशोर प्रसाद लखीसराय जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र के गिरधरपुर गांव के निवासी थे। फिलहाल वे बेगूसराय शहर स्थित लोहियानगर में किराये के मकान में रहते थे। राजकिशोर प्रसाद 31 दिसम्बर की सुबह एक अज्ञात कॉल आने के बाद अपनी पत्नी कौशल्या देवी को पंचायत जाने की बात बोलकर घर से निकले थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें