फोटो गैलरी

Hindi Newsझारखंड में सत्ता, कश्मीर में संग्राम

झारखंड में सत्ता, कश्मीर में संग्राम

झारखंड व जम्मू-कश्मीर के विधानसभा चुनाव के नतीजे बुधवार को घोषित किए गए। झारखंड में भाजपा अपने सहयोगी दल आजसू के साथ मिलकर सरकार बनाने की स्थिति में है। जम्मू-कश्मीर की जनता ने खंडित जनादेश दिया है।...

झारखंड में सत्ता, कश्मीर में संग्राम
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 23 Dec 2014 11:44 PM
ऐप पर पढ़ें

झारखंड व जम्मू-कश्मीर के विधानसभा चुनाव के नतीजे बुधवार को घोषित किए गए। झारखंड में भाजपा अपने सहयोगी दल आजसू के साथ मिलकर सरकार बनाने की स्थिति में है। जम्मू-कश्मीर की जनता ने खंडित जनादेश दिया है। इसमें पीडीपी सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है। ऐसे में यहां सरकार बनाने की कई संभावनाएं खुली हुई हैं।

महाराष्ट्र-हरियाणा में कामयाबी के बाद झारखंड की इस जीत ने भाजपा के विजय इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है। हालांकि भाजपा घाटी के मतदाताओं को लुभाने में नाकाम रही, जहां की 50 सीटों पर पार्टी के हाथ कुछ नहीं लगा।

शाह बोले-सभी विकल्प खुले : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली में संवाददाताओं से कहा, ‘सरकार बनाने का विकल्प, सरकार को समर्थन देने का विकल्प और सरकार में शामिल होने का विकल्प, सभी खुले हैं।’ शाह ने बताया कि बुधवार को होने वाली संसदीय बोर्ड की बैठक में दोनों राज्यों में विकल्पों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। झारखंड में सीएम उम्मीदवार पर भी बातचीत होगी।

पीडीपी ने कहा-जल्दबाजी नहीं: पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा, ‘हम सरकार बनाने की जल्दबाजी में नहीं हैं। हम गलत तरीके से सरकार नहीं बनाएंगे और बेहतर विकल्प तलाशेंगे।’ मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा,‘हम किसी भी सूरत में भाजपा के साथ नहीं जाएंगे। अगर लालू-नीतीश साथ आ सकते हैं तो पीडीपी-एनसी क्यों नहीं।’ कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने भी पीडीपी को समर्थन की पेशकश की।

मैं जम्मू-कश्मीर और झारखंड की जनता का तहेदिल से शुक्रिया अदा करता हूं। कार्यकर्ताओं को भी बधाई।
- नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री

- झारखंड में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला, जम्मू-कश्मीर में भी पीडीपी के बाद दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी
- वोट प्रतिशत के लिहाज से भी भाजपा दोनों राज्यों में सबसे आगे रही, झारखंड में 23% और कश्मीर में 31% वोट मिले
- झारखंड बनने के बाद पहली बार किसी पार्टी को पूर्ण बहुमत मिला, सीएम उम्मीदवार पर संसदीय बोर्ड की बैठक आज

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें