फोटो गैलरी

Hindi Newsआधी-अधूरी सरकार बनाने की गलती मत करनाः मोदी

आधी-अधूरी सरकार बनाने की गलती मत करनाः मोदी

जैसे 14 से 18 साल तक के बेटे-बेटियों की देखभाल और चिंता मां-बाप करते हैं, ठीक उसी तरह 14 वर्ष के झारखंड का खास ख्याल रखने की जरूरत है। यह चुनाव झारखंड के लिए महत्वपूर्ण है। अगले पांच साल तक झारखंड की...

आधी-अधूरी सरकार बनाने की गलती मत करनाः मोदी
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 09 Dec 2014 07:27 PM
ऐप पर पढ़ें

जैसे 14 से 18 साल तक के बेटे-बेटियों की देखभाल और चिंता मां-बाप करते हैं, ठीक उसी तरह 14 वर्ष के झारखंड का खास ख्याल रखने की जरूरत है। यह चुनाव झारखंड के लिए महत्वपूर्ण है। अगले पांच साल तक झारखंड की ठीक से देखभाल हो गई, तो अगले सौ साल तक सोचना नहीं पड़ेगा। इसलिए आधी-अधूरी सरकार बनाने की गलती मत करना।

केंद्र में 30 साल बाद बहुमत की सरकार बनी। इसमें झारखंड की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। इसी तरह झारखंड में भाजपा की सरकार बनाएं। उक्त बातें पीएम नरेंद्र मोदी ने धनबाद के बरवाअड्डा एयरपोर्ट मैदान में मंगलवार को चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहीं।

अपने चिर परिचित अंदाज में मोदी ने अपनी हर बात जनता के मुंह से कहलवाई। बोले : स्थिर सरकार की डोर जनता के हाथ होती है। वहीं मिली-जुली सरकार ठेकेदार चलाते हैं। आप सब जानते होंगे कि ठेकेदारों के इशारे पर चलनेवाली सरकार कैसी होती है। भीड़ की तरफ हाथ हिलाते हुए पीएम ने कहा : उत्साह देख यह तो तय है कि आप सब ने भाजपा की बहुमत की सरकार बनाने का निर्णय ले लिया है। अब सिर्फ बटन दबाना बाकी है। यह वक्त झारखंड के विकास की नींव डालने का है।

पीएम ने जन-धन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र की सरकार गरीबों के लिए है। कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि गरीबों के लिए बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया गया, लेकिन एक भी गरीब को तब की सरकार बैंक के दरवाजे तक नहीं पहुंचा सकी। गरीबों की अमीरी देखिए, जन-धन योजना में खाते खुलवाने के लिए गरीबों ने सात हजार करोड़ रुपए जमा करवाए। सबको एक लाख तक बीमा कवच सरकार उपलब्ध करा रही है।

विश्वास दिलाता हूं कि दिल्ली में बैठी सरकार काम करनेवाली है। कर्ज के लिए गरीबों को साहूकारों के आगे गिड़गिड़ाना नहीं पड़ेगा। गरीबों के लिए रोजी-रोजगार से लेकर बस, ट्रेन या फिर अस्पताल जैसी सुविधाएं सरकार की प्राथमिकता में हैं। पीएम ने कहा कि पश्चिम भारत के मुकाबले खनिज संपदा से परिपूर्ण होने के बाद भी पूर्वी भारत आर्थिक रूप से कमजोर है।

भारत मां का एक हाथ मजबूत और दूसरा दुर्बल नहीं होना चाहिए। इसलिए पूर्वी भारत को मजबूत बनाने के लिए झारखंड, असम, बंगाल जैसे राज्यों को लेकर केंद्र सरकार गंभीर है।

बोले मोदी
धनबाद में हिन्दुस्तान को चमकाने की ताकत
धनबाद के काले हीरे में सिर्फ धनबाद को ही नहीं, हिन्दुस्तान को चमकाने की ताकत है। पहले भी धनबाद आया था, भीड़ की तरफ इशारा करते हुए कहा कि तब यह नजारा देखने को नहीं मिला था। सांसद पीएन सिंह की धनबाद से संबंधित मांगों पर मोदी ने कहा कि हर मांग पूरी होगी। मोदी सरकार इसलिए बनी है।

मैदान में नहीं लेकिन मोदी के दिल में काफी जगह
उत्साहित लोगों को मंच की तरफ लपकते देख मोदी ने कहा कि जो जहां हैं, वहीं खड़े रहें। आगे बढ़ोगे तो परेशानी होगी। मैदान में भले जगह कम है लेकिन मोदी के दिल में जनता-जनार्दन के लिए काफी जगह है।

कौन-कौन थे मंच पर
पीएम के मंच पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रवींद्र राय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास, सांसद पीएन सिंह एवं रवींद्र पांडेय, सौदान सिंह, ह्दयनाथ सिंह, धनबाद जिलाध्यक्ष हरिप्रकाश लाटा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शेखर अग्रवाल, प्रत्याशियों में राज सिन्हा (धनबाद), ढुल्लू महतो (बाघमारा), संजीव सिंह (झरिया) फूलचंद मंडल (सिंदरी),गणेश मिश्रा (निरसा), बिरंची नारायण (बोकारो) उमाकांत रजक (चंदनकियारी,आजसू), केदार हाजरा (जमुआ), जयप्रकाश वर्मा (गांडेय), लालचंद महतो (डुमरी) आदि थे। मोदी ने सभी 13 प्रत्याशियों के नाम लिए एवं वोट की अपील भी की। स्वागत भाषण धनबाद के सांसद पीएन सिंह ने किया।

प्रधानमंत्री का भाजपा नेताओं ने किया स्वागत
रांची पहुंचने पर मंगलवार को भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एयरपोर्ट पर स्वागत किया। वह एयरपोर्ट से ही चुनावी सभा को संबोधित करने धनबाद चले गये। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, प्रदेश संगठन महामंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष महेश पोद्दार ने बुके देकर मोदी का स्वागत किया।

मौके पर सांसद सुनील कुमार सिंह, बिहार विधान परिषद के सदस्य संजय मयूख, डॉ उमाशंकर केडिया, मनीष तिवारी, राजेश मंगल, भानु प्रकाश जालान, अरविंद सेन, अमित सिन्हा, जय कुमार साहू और संजय कुमार मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें