फोटो गैलरी

Hindi Newsझारखंड और जम्मू-कश्मीर में पहले चरण की वोटिंग आज

झारखंड और जम्मू-कश्मीर में पहले चरण की वोटिंग आज

झारखंड विधानसभा की 81 सीटों में से 13 सीटों और जम्मू कश्मीर के 15 निर्वाचन क्षेत्रों में मंगलवार को पहले चरण के लिए वोट डाले जाएंगे। लाइवहिन्दुस्तान पर पढ़े झारखंड चुनाव से संबंधित पल-पल की...

झारखंड और जम्मू-कश्मीर में पहले चरण की वोटिंग आज
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 25 Nov 2014 01:23 AM
ऐप पर पढ़ें

झारखंड विधानसभा की 81 सीटों में से 13 सीटों और जम्मू कश्मीर के 15 निर्वाचन क्षेत्रों में मंगलवार को पहले चरण के लिए वोट डाले जाएंगे। लाइवहिन्दुस्तान पर पढ़े झारखंड चुनाव से संबंधित पल-पल की रिपोर्ट।

झारखंड विधानसभा की 81 सीटों में से होने वाले प्रथम चरण के मतदान में 13 सीटों के लिए कुल 199 उम्मीदवार मैदान में है। इनमें 18 महिला उम्मीदवार है।

इन उम्मीदवारों में 46 करोड़पति है और 55 दागी हैं। पुरुष उम्मीदवारों में पूर्व सांसद कामेश्वर बैठा, पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री कृष्णानंद त्रिपाठी, सुखदेव भगत, राधाकृष्ण किशोर, दिलीप सिंह नामधारी, पूर्व कृषि मंत्री सत्यनंद भोकता तथा जयप्रकाश सिंह भोकता शामिल हैं।

महिला उम्मीदवारों में सुधा चौधरी तथा हिन्दी की चर्चित लेखिका महुआ माझी भी हैं जो झामुमो के टिकट पर चुनाव लड़ रही है।
 
पहले चरण में 3365780 मतदाता अपने अधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। इनमें 1784848 पुरुष हैं तथा 1577090 महिलाएं है।
 
18 वर्ष से 19 वर्ष की आयु के बीच के कुल 198466 मतदाता हैं, जिनमें 82603 महिला मतदाता हैं। तेरह सीटों में सात आरक्षित सीटें है जिनमें चार अनुसूचित जनजाति की है तथा तीन अनुसूचित जाति की है। पांच सीटों पर 16 से अधिक उम्मीदवार हैं। सर्वाधिक 26 उम्मीदवार डालटेनगंज से हैं जबकि सबसे कम सात उम्मीदवार चतरा से हैं।
 
भाजपा झामुमो तथा बसपा ने 12.12 उम्मीदवार खड़े किए हैं। झारखंड विकास मोर्चा [प] के 11 उम्मीदवार मैदान में है। कांग्रेस के सात, राजद के छह, भाकपा के छह, माकपा के दो तथा आजसू का एक उम्मीदवार है। कुल निर्दलीय उम्मीदवार 72 है।
      
मतदान के लिए 3061 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं और 35425 मतदानकर्मी तैनात किए गए हैं एवं 126 माइक्रो पर्यवेक्षक, 13 सामान्य पर्यवेक्षक, दो पुलिस पर्यवेक्षक, दो सजगता पर्यवेक्षक तथा आठ खर्चा पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।

उधर, जम्मू कश्मीर में पांच चरणों में होने वाले चुनाव के पहले चरण में मंगलवार को 15 निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले मतदान से कुल 123 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। इसमें सात मंत्रियों सहित 12 मौजूदा विधायक भी हैं।
    
जम्मू खंड के छह, कश्मीर के पांच और लद्दाख के चार निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता अपना प्रतिनिधि चुनने के लिए सुबह आठ बजे से वोट करेंगे।
    
जिन निर्वाचन क्षेत्रों में मंगलवार को चुनाव हो रहा है, उसमें 'जम्मू खंड में'-: किश्तवाड़, इंदरवाल, डोडा, भदरवाह, रामबन और बनिहाल, 'कश्मीर में' -: गुरेज, बांडीपुरा, सोनावरी, कंगन, और गांदरबल; 'लददाख खंड में'-: नुब्रा, लेह, करगिल और जंस्कार है।
    
पहले चरण में कुल 10,502,50 मतदाता हैं। इसमें 549,698 पुरुष और 500,539 महिलाएं हैं इसके अलावा 13 ट्रांसजेंडर्स हैं। 15 निर्वाचन क्षेत्रों में से भदरवाह में सबसे ज्यादा 104354 वोटर हैं। लददाख के नुब्रा में सबसे कम 13,054 मतदाता हैं।
    
चुनाव आयोग ने इन 15 निर्वाचन क्षेत्रों में करीब 1900 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। बांडीपुरा, गांदरबल और भदरवाह में सबसे ज्यादा 13-13 उम्मीदवार मैदान में हैं तो लेह में सबसे कम दो उम्मीदवार हैं। लेह में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी टक्कर है।

पहले चरण में सात मंत्री भाग्य आजमा रहे हैं। इसमें गुरेज से नजीर अहमद खान गुरेजी, मोहम्मद अकबर लोन (सोनावरी), मियां अलताफ (कंगन), सज्जाद किचलू (किश्तवाड़), अब्दुल माजिद वानी (डोडा), नवांग रिगजिन जोआ (लेह) और विकास रसूल वानी (बनिहाल) हैं।
    
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित कई स्टार प्रचारकों ने चुनाव के पहले चरण के लिए अपने-अपने पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार किया। मोदी ने किश्तवाड़ में रैली को संबोधित किया तो राजनाथ ने लेह और भदरवाह में भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में समर्थन जुटाने की कोशिश की। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने रामबन में प्रचार किया।
    
सोनिया ने बांडीपुरा और रामबन में दो रैलियों को संबोधित किया। अभिनेता से नेता बने राजबब्बर ने बांडीपुरा, सोनावरी और गांदरबल निर्वाचन क्षेत्रों में रैली की। अन्य स्टार प्रचारकों में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपनी पार्टी नेकां के लिए, पीडीपी के लिए उसके नेता मुफ्ती मोहम्मद सईद और पार्टी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने, कांग्रेस के लिए अंबिका सोनी और गुलाम नबी आजाद ने प्रचार किया।
    
हुर्रियत कांफ्रेंस के सभी धड़े और जेकेएलएफ जैसे अलगाववदी समूहों ने कल के चुनावों का बहिष्कार और आम हड़ताल का आह्वान किया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें