फोटो गैलरी

Hindi Newsकॉरपोरेटर से मेयर और अब मुख्यमंत्री होंगे फड़नवीस

कॉरपोरेटर से मेयर और अब मुख्यमंत्री होंगे फड़नवीस

कॉरपोरेटर से नागपुर के सबसे युवा मेयर बने देवेन्द्र फड़नवीस महाराष्ट्र में भाजपा के प्रथम मुख्यमंत्री होंगे, जिन्होंने राजनीतिक सीढ़ियां क्रमिक रूप से चढ़ी हैं। मराठा राजनीति और मराठा नेताओं के...

कॉरपोरेटर से मेयर और अब मुख्यमंत्री होंगे फड़नवीस
एजेंसीWed, 29 Oct 2014 01:20 AM
ऐप पर पढ़ें

कॉरपोरेटर से नागपुर के सबसे युवा मेयर बने देवेन्द्र फड़नवीस महाराष्ट्र में भाजपा के प्रथम मुख्यमंत्री होंगे, जिन्होंने राजनीतिक सीढ़ियां क्रमिक रूप से चढ़ी हैं।

मराठा राजनीति और मराठा नेताओं के वर्चस्व वाले इस राज्य में 44 वर्षीय फड़नवीस की आरएसएस में गहरी जड़ें हैं। भाजपा से अलग हो चुके सहयोगी दल शिवसेना के मनोहर जोशी के बाद वह ऐसे दूसरे ब्राह्मण नेता हैं जो मुख्यमंत्री बनेंगे।

विधानसभा चुनाव में भाजपा के सबसे बड़े दल के रूप में उभरने के बाद मृदुभाषी और युवा नेता फड़नवीस इस शीर्ष पद के लिए स्पष्ट रूप से पसंदीदा नेता हैं जिनके लिए पार्टी की प्रदेश कमेटी के कई नेताओं ने काफी लॉबिंग की है। वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के भी विश्वस्त हैं।

चुनाव रैली में मोदी ने उनके लिए कहा था कि देवेन्द्र देश के लिए नागपुर का तोहफा हैं। हालांकि, मोदी ने लोकसभा चुनाव और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान अमेरिकी तर्ज पर चुनाव प्रचार किया था पर इन चुनावों में मिली जबरदस्त जीत का श्रेय प्रदेश भाजपा अध्यक्ष फड़नवीस को भी जाता है।

शिवसेना और स्वाभिमानी शेतकारी पक्ष के साथ इस भगवा गठबंधन ने 48 लोकसभा सीटों में से 42 पर जीत हासिल की थी। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले शिवसेना से नाता टूटने के बावजूद भाजपा ने 288 सदस्यीय सदन में 122 सीटें हासिल कीं, जबकि 2009 में उसे 46 सीटें ही मिली थीं। फड़नवीस ने जिस तरह से चुनाव का प्रबंधन किया था उसे लेकर मोदी और शाह़ दोनों ही नेताओं ने उनकी सराहना की है।

जन संघ से जुड़े रहे और बाद में भाजपा के नेता बने दिवंगत गंगाधर फड़नवीस के बेटे देवेन्द्र युवावस्था में ही राजनीति में उतर गए थे, जब वह 1989 में आरएसएस की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में शामिल हुए थे।

गंगाधर को नागपुर के उनके साथी नेता और पूर्व पार्टी प्रमुख नितिन गडकरी अपना राजनीतिक गुरु कहते हैं। महज 22 साल की उम्र में वह नागपुर स्थानीय निकाय से कॉरपोरेटर बन गए और 27 साल की आयु में 1997 में नागपुर के सबसे युवा मेयर चुने गए।

फड़नवीस ने 1999 में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा और इसमें जीत हासिल की। एक अलग विदर्भ राज्य के इस मजबूत पैरोकार ने फिर कभी पलटकर पीछे नहीं देखा और लगातार तीन विधानसभा चुनावों में जीत हासिल की। वह फिलहाल सदन में नागपुर दक्षिण पश्चिम सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

महाराष्ट्र के राजनीतिक परिदृश्य में कई नेताओं के उलट फड़नवीस बेदाग रहे हैं। कथित सिंचाई घोटाले को लेकर पिछली कांग्रेस़-राकांपा सरकार को घेरने का श्रेय भी फड़नवीस को जाता है। विदर्भ क्षेत्र में किसानों की आत्महत्या के लिए इस घोटाले को कई लोग प्राथमिक रूप से जिम्मेदार ठहराते हैं।

विदर्भ का मुद्दा उनके दिल को इतना छू गया था कि अलग राज्य की मांग पर चर्चा के दौरान उन्होंने एक बार गुस्से में शिवसेना के एक विधायक को कह दिया था, विदर्भ से निकल जाओ।

हालांकि, शिवसेना अलग विदर्भ राज्य के गठन के लिए महाराष्ट्र के विभाजन का लगातार विरोध करती रही है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें