फोटो गैलरी

Hindi Newsआरोपों के बीच भाजपा का नेता को कारण बताओ नोटिस

आरोपों के बीच भाजपा का नेता को कारण बताओ नोटिस

दिल्ली में सरकार बनाने की तैयारियों के साथ भाजपा को सोमवार को उस समय अजीबोगरीब स्थिति का सामना करना पड़ा जब आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाए कि भगवा पार्टी की महानगर इकाई के एक वरिष्ठ नेता ने उसके एक...

आरोपों के बीच भाजपा का नेता को कारण बताओ नोटिस
एजेंसीMon, 08 Sep 2014 10:38 PM
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली में सरकार बनाने की तैयारियों के साथ भाजपा को सोमवार को उस समय अजीबोगरीब स्थिति का सामना करना पड़ा जब आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाए कि भगवा पार्टी की महानगर इकाई के एक वरिष्ठ नेता ने उसके एक विधायक को दल बदलने के लिए चार करोड़ रुपये की पेशकश की।

भाजपा और इसकी दिल्ली इकाई के उपाध्यक्ष शेर सिंह डागर पर रिश्वत की पेशकश के आरोप हैं जिनसे पार्टी ने पहले इंकार किया लेकिन बाद में उनको कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने एक संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि उनकी पार्टी के संगम विहार से विधायक दिनेश मोहनिया को सिंह ने कल उनके आवास पर रिश्वत की पेशकश की। उन्होंने स्टिंग ऑपरेशन की एक वीडियो क्लिप चलाई जिसमें डागर कथित रूप से रिश्वत की पेशकश कर रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी स्टिंग ऑपरेशन के असंपादित फुटेज को कल उच्चतम न्यायालय को सौंपेगी और भाजपा के कुकत्यों को लेकर चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाएगी।

केजरीवाल ने कहा कि भाजपा हमारे विधायकों से संपर्क कर उन्हें धन एवं अन्य पेशकश कर पाला बदलने के लिए कह रही है। इस बार उन्होंने आप विधायक दिनेश मोहनिया को 4 करोड़ रुपये की पेशकश की। उन्होंने उनसे कहा कि वह भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं और अगर वह हार जाते हैं तो उन्हें किसी सरकारी बोर्ड का अध्यक्ष बना दिया जाएगा।

केजरीवाल ने कहा कि अगर भाजपा के पास संख्या है तो वे सरकार बना सकते हैं तो बना लेना चाहिए। किसी भी परिस्थिति में हम भाजपा को अवैध तरीके से सरकार बनाने नहीं देने जा रहे।

डागर ने आरोपों से इंकार किया और दावा किया कि उन्हें फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर कोई आरोप साबित होता है तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा जिसमें मैं पिछले 44 वर्षों से हूं। उन्होंने इस सिलसिले में पार्टी की तरफ से किसी की भी जांच का सामना करने की पेशकश की।

भाजपा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी और अन्य नेताओं ने डागर के खिलाफ आरोपों से इंकार किया और कहा कि राजनीति में प्रासंगिक बने रहने के लिए यह हिट एंड रन पार्टी का एक और प्रयास है।

बहरहाल शाम में दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने डागर को कारण बताओ नोटिस जारी किया और उनके खिलाफ आरोपों का जवाब देने के लिए उन्हें तीन दिन का वक्त दिया है।

उपाध्याय ने संवाददाताओं से कहा कि हमने आप के इन आरोपों पर डागर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है । उन्होंने मीडिया में अपने पक्ष को स्पष्ट किया है। बहरहाल उनका जवाब मिलने के बाद ही भाजपा कोई अंतिम निर्णय करेगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने किसी चीज के लिए किसी को भी अधिकत नहीं किया है। उन्होंने कहा कि हमारा रुख स्पष्ट है। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि भाजपा ने किसी को भी किसी चीज के लिए अधिकृत नहीं किया है।

आप के आरोपों के बारे में पूछने पर उपाध्याय ने कहा कि मैं किसी भी प्रायोजित बात का जवाब नहीं दूंगा । पार्टी ऐसे आरोपों का परवाह नहीं करती। वे कुछ भी कह सकते हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें