हरियाणा में नरेंद्र मोदी के भरोसे उतरेगी भाजपा
भाजपा हरियाणा विधान सभा चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चेहरा भुनाएगी। पार्टी ने चुनाव अभियान के लिए हरियाणा के बदलें हालात, चलो चले मोदी के साथ नारा दिया है। क्षेत्रीय भावनाओं को...
भाजपा हरियाणा विधान सभा चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चेहरा भुनाएगी। पार्टी ने चुनाव अभियान के लिए हरियाणा के बदलें हालात, चलो चले मोदी के साथ नारा दिया है। क्षेत्रीय भावनाओं को भुनाने के लिए जय हरियाणा, विजय हरियाणा के बैनर पर चुनाव अभियान चलाने का फैसला किया गया है। पार्टी की चुनावी रणनीति आक्रामक होगी, जिसमें कांग्रेस व हजकां पर निशाना साधा जाएगा। इनेलो को लेकर थोड़ी नरमी बरती जाने के संकेत है।
सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर चुनावी तैयारियों में जुटी भाजपा अपने सभी प्रमुख नेताओं को चुनाव मैदान में उतारने जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष रामविलास शर्मा, कैप्टन अभिमन्यु, सुधा यादव समेत हाल में दूसरे दलों से आए नेता भी जोर आजमाइश करेंगे। लोकसभा के सभी सांसदों को अपने अपने क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश के चुनाव प्रभारी मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने फिलहाल दिल्ली को अपना कैम्प बनाया हुआ है। मध्य प्रदेश में दो चुनावों से चुनाव प्रबंधन की कमान संभाल कर पार्टी को भारी जीत दिलाने वाले विजयवर्गीय ने हरियाणा के नेताओं के साथ बैठकें पर अपने प्रंबधन की रूप रेखा बनानी शुरू कर दी है।
भाजपा के हरियाणा के चुनाव प्रबंधन से जुड़े एक प्रमुख नेता ने संकेत दिए है कि प्रचार अभियान में ओमप्रकाश चौटाला के नेतृत्व वाले इनेलो को तो निशाने पर लिया जाएगा, लेकिन चौटाला पर व्यक्तिगत निशाना नहीं साधा जाएगा। इससे जेल में बंद चौटाला को सहानभूति मिल सकती है। एक और वजह अकाली दल के अध्यक्ष व पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का चौटाला के पक्ष में प्रचार करना है। बादल भाजपा के सहयोगी हैं और पार्टी आपसी रिश्तों को भविष्य की राजनीतिक जरूरतों के मद्देनजर कोई खटास नहीं आना देना चाहती है।
दिल्ली में टिकटों के लिए मारामारी
भाजपा में यह पहला मौका है जबकि प्रदेश के टिकटों के लिए भारी मारामारी हो रही है। दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में टिकटार्थियों का तांता लगा हुआ है। हालांकि पार्टी अध्यक्ष अमित शाह व अन्य नेताओं ने साफ कर दिया है कि प्रदेश नेतृत्व से आने वाले नामों पर ही विचार किया जाएगा।