फोटो गैलरी

Hindi Newsकबड्डी और क्रिकेट- एक तुलनात्मक अध्ययन

कबड्डी और क्रिकेट- एक तुलनात्मक अध्ययन

भारत में क्रिकेट का वही रुतबा है, जो अंग्रेजी का। यह खेल और भाषा, दोनों अंग्रेजों की विरासत है। कुछ का आरोप है कि इनसे लगाव हमारी गुलामी की मानसिकता दर्शाता है। गांव के बच्चे जब जुगाड़ से बनाए बैट,...

कबड्डी और क्रिकेट- एक तुलनात्मक अध्ययन
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 17 Aug 2014 09:02 PM
ऐप पर पढ़ें

भारत में क्रिकेट का वही रुतबा है, जो अंग्रेजी का। यह खेल और भाषा, दोनों अंग्रेजों की विरासत है। कुछ का आरोप है कि इनसे लगाव हमारी गुलामी की मानसिकता दर्शाता है। गांव के बच्चे जब जुगाड़ से बनाए बैट, बॉल व विकेट के जरिये ‘किरकिट’ खेलते हैं, तो उनकी आंखों में खेल से शोहरत, शहर और झौआ भर कमाई का सपना होता है। किसानी से करोड़पति कम बने हैं, क्रिकेट से अनेक! किसान और क्रिकेटर में अंतर है। एक कर्ज में बिकता है, दूसरा आईपीएल और विज्ञापन में। खेल हो या फसल, चांस पर निर्भर हैं। पर बाढ़ या सूखा सिर्फ खेती का नहीं, जिंदगी का भी जुआ है। क्रिकेट में खिलाड़ी सफल हो या असफल, उसकी कमाई सुरक्षित है।
लेकिन कबड्डी एक देसी खेल है। कबड्डी में यदि एक खिलाड़ी पूरी विरोधी टीम को आउट कर ले, तब भी उसके खाते में केवल वाहवाही है, नकदी नहीं। आज के दौर में जब धरती का समाज और सियासत दौलत के सूरज की परिक्रमा करते हैं, तब भला कबड्डी की वकत क्यों हो?

आश्चर्य नहीं कि इस धनग्रसित माहौल में क्रिकेट खिलाड़ियों का दर्जा देवताओं का है। इसके भारतीय भगवान अब रिटायर हो चुके हैं। आसपास की नियमित खौफनाक घटनाओं से हम भ्रमित हैं कि धर्मग्रंथों में वर्णित किसी ऊपर वाले का अस्तित्व है भी कि नहीं? देश के बाहर शर्मनाक पराजय का दशकों से बनाया शानदार कीर्तिमान वर्तमान में भी बरकरार है। फिर भी कबड्डी की लोकप्रियता की संभावना शून्य है। शहर के खेल गांव जाते हैं, गांव के शहर नहीं। देश हो या खेल हिंसा और गाली-गलौज आज की भौतिक प्रगति के स्थायी मानक हैं। सफेदपोशों के इस कथित खेल ने इन सबमें उल्लेखनीय तरक्की की है। क्रिकेट के मुकाबले कबड्डी के पास कहने को बस ‘कबड्डी-कबड्डी’ है, वरना सांस टूटी, तो आउट। इन सीमाओं के कारण हमें कबड्डी के उज्ज्वल भविष्य पर शंका है। इधर फिल्मी सितारे ही उसे प्रमोट करने में लगे हैं। उनका क्या? वह फेयरनेस क्रीम भी प्रचारित करते हैं। उनके प्रचार से क्या देश गोरा हुआ है, जो कबड्डी लोकप्रिय हो?

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें