फोटो गैलरी

Hindi Newsवर्कआउट के साथ सही डाइट

वर्कआउट के साथ सही डाइट

अगर आप रोज जिम जाते हैं तो वहां कौन-कौन से व्यायाम करेंगे, इस बारे में भी योजना बनाते होंगे। पर व्यायाम से पहले और व्यायाम के बाद आप क्या खाएंगे, इसकी भी योजना बनाते हैं क्या? व्यायाम का आपके शरीर पर...

वर्कआउट के साथ सही डाइट
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 07 Aug 2014 10:25 PM
ऐप पर पढ़ें

अगर आप रोज जिम जाते हैं तो वहां कौन-कौन से व्यायाम करेंगे, इस बारे में भी योजना बनाते होंगे। पर व्यायाम से पहले और व्यायाम के बाद आप क्या खाएंगे, इसकी भी योजना बनाते हैं क्या? व्यायाम का आपके शरीर पर सही असर हो, इसके लिए शरीर को पोषण देना जरूरी है। इस बारे में बता रही हैं शाश्वती

क्यों जरूरी है खाना
जर्नल ऑफ एप्लाइड साइकोलॉजी में प्रकाशित एक शोध के मुताबिक खाली पेट व्यायाम करने वाले लोगों की मांसपेशियों का विकास इससे प्रभावित होता है। चाहे आप हल्का-फुल्का व्यायाम करते हों या फिर कई घंटे जिम में बिताते हों, इस दौरान पसीने के माध्यम से मिनरल्स व अन्य पोषक तत्व शरीर से बाहर निकलते हैं। वहीं व्यायाम के माध्यम से कैलोरी बर्न होती है और ऊर्जा की खपत होती है, इसलिए जरूरी है कि व्यायाम से पहले और बाद में प्रोटीन और मिनरल्स से भरपूर खाना खाएं, ताकि शरीर को खर्च हुई ऊर्जा वापस मिल सके। व्यायाम खत्म होने के साथ ही कुछ न कुछ जरूर खाएं।

हमें क्या चाहिए
प्रोटीन: शरीर को अमीनो एसिड देने के लिए, ताकि व्यायाम के बाद मांसपेशियों की मरम्मत हो सके।
कार्बोहाइड्रेट: शरीर की ऊर्जा की कमी को पूरा करने के लिए। व्यायाम के बाद की थकान को दूर करने के लिए सबसे जरूरी।
पानी: शरीर में पानी की कमी को पूरा करने के लिए। शरीर के सभी अंगों के सुचारू रूप से काम करने के लिए जरूरी।

प्रोटीन शेक कितना जरूरी?
अगर आप दिन भर में एक से दो घंटे एक्सरसाइज करते हैं तो आपको प्रोटीन शेक पीने से बचना चाहिए। सामान्य डाइट के माध्यम से शरीर अपनी प्रोटीन संबंधी जरूरतों को आसानी से पूरा कर लेगा। प्रोटीन शेक पीने की सलाह ऐसे लोगों को दी जाती है, जो एक दिन में चार से पांच घंटे वर्कआउट करते हैं।

वर्कआउट से पहले ये खाएं
केला: आयरन, विटामिन्स, मिनरल्स, एंटीऑक्सीडेंट्स और ऊर्जा का खजाना।
संतरे का जूस: ऊर्जा और विटामिन-सी से भरपूर ड्रिंक।
बादाम: प्रोटीन, ओमेगा-थ्री और फैटी एसिड से भरपूर।
सेब: कॉर्बोहाइड्रेट और फाइबर से भरपूर।
दूध: प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स से भरपूर ड्रिंक।

वर्कआउट के बाद ये खाएं
अंडा: प्रोटीन और विटामिंस का बेहतरीन स्रोत।
दही: प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट का स्रोत। शरीर को डीहाइड्रेट होने से रोकता है।
एनर्जी बार: इसमें भरपूर मात्रा में मेवा होता है, जो व्यायाम के बाद शरीर में प्रोटीन, नमक और मिनरल्स की जरूरत को संतुलित करेगा।
सोया मिल्क: प्रोटीन से भरपूर ड्रिंक।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें