फोटो गैलरी

Hindi Newsहरियाणा में आयुक्तों को शपथ दिलाने पर विवाद

हरियाणा में आयुक्तों को शपथ दिलाने पर विवाद

हरियाणा में नए राज्यपाल के कार्यभार संभालने के कुछ ही घंटे बाद मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा राज्य सूचना आयोग के नए सदस्यों और सेवा का अधिकार आयोग के आयुक्तों को पद की शपथ दिलाने के मामला...

हरियाणा में आयुक्तों को शपथ दिलाने पर विवाद
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 29 Jul 2014 12:57 AM
ऐप पर पढ़ें

हरियाणा में नए राज्यपाल के कार्यभार संभालने के कुछ ही घंटे बाद मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा राज्य सूचना आयोग के नए सदस्यों और सेवा का अधिकार आयोग के आयुक्तों को पद की शपथ दिलाने के मामला में विवाद पैदा हो गया है और विपक्ष ने इसे असंवैधानिक करार दिया है।

बहरहाल, मुख्य सचिव एससी चौधरी ने कहा कि उन्हें नियुक्त करने और शपथ दिलाने में कोई गैर कानूनी बात नहीं हुई है। रविवार को कप्तान सिंह सोलंकी के हरियाणा के नए राज्यपाल के रूप में शपथ लेने के बावजूद मुख्यमंत्री ने एसआईसी के दो आयुक्त और सेवा का अधिकार आयोग के तीन अन्य आयुक्तों को पद की शपथ दिलाई।

पूर्व में सूचना आयुक्तों को राज्यपाल शपथ दिलाते थे। भाजपा और इनेलो समेत अन्य विपक्षी दलों ने हुड्डा सरकार पर जल्दबाजी में नियुक्ति करने का आरोप लगाया है। इन दलों ने कहा कि हरियाणा के प्रशासनिक सुधार सचिव प्रदीप कासनी ने इस आधार पर नियुक्ति का विरोध किया था कि इसमें नियमों का कथित तौर पर पालन नहीं किया गया।

भाजपा विधायक दल के नेता और अंबाला के विधायक अनिल विज ने कहा कि हुड्डा सरकार नियमों को ताक पर रखकर अपने पंसदीदा लोगों को फिर से नियुक्त कर रही है। इस मामले में फिर जल्दबाजी दिखाई गई। मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर उन लोगों को बुलाया जिन्हें पद की शपथ लेनी थी और छुट्टी के दिन ही शपथ दिलाई गई।

उन्होंने राज्यपाल की मंजूरी का इंतजार तक नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के एक अधिकारी ने नियुक्ति का विरोध किया था। इसलिए यह कदम गैर कानूनी और असंवैधानिक है।

मुख्य विपक्षी दल इनेलो ने भी यह नियुक्ति किए जाने लिए सरकार की आलोचना की। इनेलो की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि हम राज्यपाल से मिलेंगे और उन्हें बताएंगे कि कांग्रेस सरकार जल्दबाजी में महत्वपूर्ण संवैधानिक पदों पर अपने पसंदीदा लोगों को नियुक्त कर रही है।

रिटायर अफसरों को प्रलोभन :खेमका
हरियाणा के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अशोक खेमका ने सूचना आयुक्तों के पदों पर नियुक्तियों को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। खेमका ने ट्वीट किया, सेवानिवृति के बाद नौकरी के प्रलोभन से संस्थानों को नुकसान पहुंच रहा है। प्रलोभन में आ सकने वाले अफसरशाहों और न्यायधीशों को लालच देने के लिए नई एजेंसियां बनाई जा रहीं हैं।

हरियाणा सरकार ने कहा, सब कुछ ठीक
हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा नए सूचना आयुक्तों को शपथ दिलाने के समारोह में विवाद उत्पन्न होने के बाद राज्य सरकार ने कहा कि नियुक्तियां वैध हैं। मुख्य सचिव एससी चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा राज्य सूचना आयुक्तों और हरियाणा राइट टू सर्विस कमीशन के आयुक्तों की नियुक्ति वैध है और इसमें कोई अनियमितता नहीं की गई है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें