राष्ट्रमंडल खेल में शुक्रवार को भारत की चुनौतियां
भारत को शुक्रवार को राष्ट्रमंडल खेल-2014 में नौ खेलों में अपनी चुनौती पेश करनी है। भारत ने खेलों के पहले दिन गुरुवार को दो स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक जीते। बैडमिंटन : मिश्रित टीम स्पर्धा के...
भारत को शुक्रवार को राष्ट्रमंडल खेल-2014 में नौ खेलों में अपनी चुनौती पेश करनी है। भारत ने खेलों के पहले दिन गुरुवार को दो स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक जीते।
बैडमिंटन : मिश्रित टीम स्पर्धा के ग्रुप-बी में भारत का सामना केन्या से होगा।
मुक्केबाजी : भारत के प्रवीण कुमार पुरुषों की सुपर हेवीवेट वर्ग में स्कॉटलैंड के रॉस हेंडरसन से भिड़ेंगे। इसके अलावा 69 किलोग्राम भार वर्ग में मंदीप जांगरा का सामना मोजाम्बिक के अगस्तो मैथुले से होगा।
साइकिलिंग ट्रैक : सुनीता यांगलेम महिलाओं को 3000 मीटर व्यक्तिगत परस्यूट में उतरेंगी, जबकि मंजीत सिंह, अमित कुमार, सोमबीर पुरुषों की 4000 मीटर व्यक्तिगत परस्यूट में चुनौती पेश करेंगे।
हॉकी : पुरुष टीम पूल-ए में वेल्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
जूडो : महिलाओं की 63 किग्रा वर्ग में गरिमा चौधरी, 70 किलोग्राम वर्ग में सुनिबाला हुइदरोम, पुरुषों के 81 किग्रा वर्ग में विकेंदर सिंह और पुरुषों के ही 73 किग्रा वर्ग में बलविंदर सिंह अपनी चुनौती पेश करेंगे।
लॉन बॉल्स : पुरुषों की ट्रिपल्स स्पर्धा में भारत का सामना नामीबिया और वेल्स से होगा। महिलाओं की फोर्स स्पर्धा में भारत का सामना मलेशिया से होगा। पुरुष पेयर्स स्पर्धा में भारत का सामना फिजी से होगा। महिला एकल में भारत की नयनमोनी सैकिया अपनी चुनौती पेश करेंगी।
टेबल टेनिस : भारत की महिला टीम ग्रुप स्तर पर केन्या से भिड़ेगी जबकि पुरुष टीम गयाना से दो-दो हाथ करेगी।
तैराकी : पुरुषों की 200 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में साजन प्रकाश और पुरुषों की ही 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में संदीप सेजवाल चुनौती पेश करेंगे।
निशानेबाजी : पुरुषों की 10 मीटर एअर राइफल स्पर्धा में अभिनव बिंद्रा और रवि कुमार चुनौती पेश करेंगे। इसी तरह महिलाओं की 10 मीटर एअर पिस्टल स्पर्धा में हिना सिंधु और मलायका गोयल हिस्सा लेंगी। आरती सिंह राव महिला स्कीट तथा बाबा बेदी और मैराज अहमद खान पुरुष स्कीट स्पर्धा में हिस्सा लेंगे।