फोटो गैलरी

Hindi Newsराज्यमंत्री पवन पांडेय बर्खास्त, दर्जन भर मंत्रियों के विभागों में फेरबदल

राज्यमंत्री पवन पांडेय बर्खास्त, दर्जन भर मंत्रियों के विभागों में फेरबदल

राज्यपाल बीएल जोशी ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की मंत्रणा से मनोरंजन कर राज्य मंत्री तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय को मंत्रिमंडल से तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। पवन पांडेय की भूमिका से...

राज्यमंत्री पवन पांडेय बर्खास्त, दर्जन भर मंत्रियों के विभागों में फेरबदल
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 18 Jun 2014 12:23 AM
ऐप पर पढ़ें

राज्यपाल बीएल जोशी ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की मंत्रणा से मनोरंजन कर राज्य मंत्री तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय को मंत्रिमंडल से तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। पवन पांडेय की भूमिका से सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव खासे नाराज थे। इसके साथ ही करीब एक दर्जन मंत्रियों के विभागों में फेरबदल किया गया है।

कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, इकबाल महमूद और मनोज पांडेय के महत्वपूर्ण विभाग हटाकर इन्हें महत्वहीन विभाग दिए गए हैं। संभल से हारे शफीकुर्ररहमान वर्क ने इकबाल महमूद पर लोकसभा चुनाव हराने का आरोप लगाया था।

महबूब अली और कैलाश यादव को अब महत्वपूर्ण विभाग देकर उनका राजनैतिक कद बढ़ा दिया गया है। बेसिक शिक्षा मंत्री राम गोविंद चौधरी के विभागों में भी कटौती कर दी गई है। कैबिनेट मंत्रियों में पंचायती राज मंत्री बलराम यादव से पंचायती राज विभाग लेकर अब उन्हें कारागार विभाग का मंत्री बनाया गया है।

बेसिक शिक्षा, बाल विकास और पुष्टाहार मंत्री राम गोविंद चौधरी से बाल विकास और पुष्टाहार छीन लिया गया है। अब वे केवल बेसिक शिक्षा के मंत्री बने रहेंगे। ब्रह्माशंकर त्रिपाठी से व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास विभाग ले लिया गया है। अब वे केवल होमगार्ड्स और प्रांतीय रक्षक दल के मंत्री रहेंगे।

राजेंद्र चौधरी से कारागार विभाग लेकर उन्हें राजनैतिक पेंशन विभाग दिया गया है। नारद राय से खेल एवं युवा कल्याण विभाग लेकर उन्हें खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग दे दिया गया है। कैलाश यादव को खादी और ग्रामोद्योग के स्थान पर पंचायती राज विभाग दिया गया है। मनोज कुमार पांडेय से कृषि विभाग लेकर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग दे दिया गया है।

इकबाल महमूद से माध्यमिक शिक्षा विभाग लेकर उन्हें मत्स्य और सार्वजिनक उद्यम विभाग दिया गया है। महबूब अली से मत्स्य और सार्वजनिक उद्यम विभाग लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग दिया गया है।

राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार विजय कुमार मिश्र से अतिरिक्त ऊर्जा स्त्रोत हटाकर धर्मार्थ कार्य दे दिया गया है। राज्य मंत्री अभिषेक मिश्र को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की जगह व्यावसायिक शिक्षा व कौशल विकास विभाग दिया गया है। राज्य मंत्री फरीद महफूज किदवई को वर्तमान कार्यभार वन के साथ खेल एवं युवा कल्याण विभाग भी दे दिया गया है।

कामकाज के नए फेरबदल से वन, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री फरीद महफूज किदवई, बाल विकास एवं पुष्टाहार व बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री वसीम अहमद, कृषि राज्य मंत्री राजीव कुमार सिंह, व्यावसायिक शिक्षा राज्य मंत्री अभिषेक मिश्रा, बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्य मंत्री कैलाश चौरसिया और खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री रामकरन आर्य मुख्यमंत्री से संबद्ध रहेंगे। इनमें वसीम अहमद और कैलाश चौरसिया बेसिक शिक्षा मंत्री से भी संबद्ध रहेंगे।

मुख्यमंत्री के पास 57 विभाग
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वर्तमान विभागों के साथ बाल विकास और पुष्टाहार, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास, कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान, अतिरिक्त ऊर्जा स्त्रोत, खेल एवं युवा कल्याण विभाग मंत्रियों से लेकर अपने पास ले लिए हैं। मुख्यमंत्री के पास अब कुल 57 विभाग हो गए हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें