फोटो गैलरी

Hindi Newsभाजपा महिला मोर्चा ने की मुख्यमंत्री कार्यालय घेरने की कोशिश

भाजपा महिला मोर्चा ने की मुख्यमंत्री कार्यालय घेरने की कोशिश

उत्तर प्रदेश में महिला उत्पीड़न की बढ़ती वारदातों के विरोध में आज भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री कार्यालय के घेराव की कोशिश की, मगर सुरक्षाकर्मियों ने पानी की बौछार का इस्तेमाल...

भाजपा महिला मोर्चा ने की मुख्यमंत्री कार्यालय घेरने की कोशिश
एजेंसीMon, 02 Jun 2014 05:47 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में महिला उत्पीड़न की बढ़ती वारदातों के विरोध में आज भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री कार्यालय के घेराव की कोशिश की, मगर सुरक्षाकर्मियों ने पानी की बौछार का इस्तेमाल करके उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
पूर्वघोषित कार्यक्रम के अनुसार बड़ी संख्या में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता विधानभवन के सामने स्थित पार्टी राज्य मुख्यालय पर एकत्र हुईं और दल के प्रान्तीय अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी की अगुवाई में सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर कूच किया। मगर पहले से ही बैरीकेडिंग करके चौकस पुलिसकर्मियों ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।

पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद भाजपा महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जब जबरन आगे बढ़ने की कोशिश की और धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गयी तो पुलिस ने उन पर पानी की बौछार की।

बहरहाल, पुलिस की इस कार्रवाई के बाद भाजपा के प्रदर्शनकारी धरने पर बैठ गये और प्रदेश के गह विभाग के प्रमुख सचिव अतुल कुमार गुप्ता ने पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिये बुलाया, जिसके बाद उन्होंने धरना खत्म कर दिया।
प्रमुख सचिव से मिलने गये भाजपा प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष कमलावती सिंह के अलावा छह महिला सांसद तथा तीन महिला महापौर भी शामिल थीं।

इसके पूर्व, कमलावती सिंह ने पुलिसकर्मियों पर पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं के साथ हाथापाई का भी आरोप लगाया।

प्रदर्शन में प्रदेश भाजपा के महामंत्री पंकज सिंह, स्वतंत्रदेव सिंह आदि भी शामिल थे। प्रदेश में महिला उत्पीड़न की बढ़ती घटनाओं के विरोध में 30 मई को भी भाजपा महिला मोर्चे की कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री कार्यालय पर प्रदर्शन किया था और हालात ना सुधरने पर दो जून को उनके कार्यालय के घेराव की चेतावनी दी थी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें