फोटो गैलरी

Hindi Newsजमशेदपुर में ताकत झोंकेंगे दिग्गज

जमशेदपुर में ताकत झोंकेंगे दिग्गज

जमशेदपुर विद्यासागर। जमशेदपुर सीट पर चुनाव प्रचार में अब राजनीतिक दलों के क्षत्रप भी पूरा जोर लगाएंगे। भाजपा के भावी उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की रैली के बाद राजनीतिक दलों के क्षत्रपों की सक्रियता बढ़...

जमशेदपुर में ताकत झोंकेंगे दिग्गज
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 12 Apr 2014 12:12 AM
ऐप पर पढ़ें

जमशेदपुर विद्यासागर। जमशेदपुर सीट पर चुनाव प्रचार में अब राजनीतिक दलों के क्षत्रप भी पूरा जोर लगाएंगे। भाजपा के भावी उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की रैली के बाद राजनीतिक दलों के क्षत्रपों की सक्रियता बढ़ गई है। विशेषकर भाजपा, झाविमो और झामुमो के क्षत्रप जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में सक्रिय हो गए हैं।

भाजपा के क्षत्रप जहां नरेंद्र मोदी की लहर का मतदाताओं के बीच अहसास कराने की कोशशि कर रहे हैं, वहीं झाविमो और झामुमो के क्षत्रप भाजपा की हवा निकलने की बात कह रहे हैं। राजनीतिक दलों के क्षत्रप 15 अप्रैल को चुनाव प्रचार के आखिरी दौर तक प्रचार की योजना बना चुके हैं।

भारतीय जनता पार्टी पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और उनकी पत्नी मीरा मुंडा ने भाजपा प्रत्याशी विद्युत वरण महतो के पक्ष में रोड शो और नुक्कड़ सभा के माध्यम से प्रचार शुरू कर दिया है।

मंडल स्तर पर सभा का आयोजन करने के लिए मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं। भाजपा से जुड़े जिला पार्षद, पंचायत समिति के सदस्य और मुखिया तक को छोटी-छोटी सभाएं करने की सलाह दी गई है।

13 अप्रैल को जिला पार्षद राजकुमार सिंह की अगुआई में सरजमदा में चुनावी सभा का आयोजन किया जाएगा। वहीं, पार्टी के वरिष्ठ नेता सरयू राय और विधायक रघुवर दास भी रोड शो के जरिये विद्युत वरण महतो की नैया पार कराने में पतवार की भूमिका निभाएंगे।

मीडिया सेल के प्रभारी अनील मोदी की मानें तो नरेंद्र मोदी की लहर को जनता के बीच कायम रखने के लिए थ्री-डी सभा भी आयोजित की जाएगी। झारखंड विकास मोर्चा झारखंड विकास मोर्चा के प्रत्याशी डॉ. अजय कुमार के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए पार्टी सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। वे देहात इलाके में अब तक कई सभाएं कर चुके हैं। बहरागोड़ा, पटमदा, हल्दीपोखर, डुमरिया जैसे इलाकों में सभा आयोजित की जा रही है।

उपचुनाव में भी मरांडी ने देहात में काफी कैंप किया था, जिससे देहात इलाके में भी डॉ. अजय को अच्छी-खासी बढ़त मिली थी। शहरी मतदाताओं को रिझाने के लिए झाविमो के वरिष्ठ नेता एवं विधायक समरेश सिंह और विधायक अरविंद सिंह भी सक्रिय हो गए हैं।

14 अप्रैल को एग्रिको मैदान में बाबूलाल मरांडी की बड़ी चुनावी सभा होगी। झाविमो के कोल्हान प्रभारी सीएच राममूर्ति की मानें तो एग्रिको की चुनावी सभा नरेंद्र मोदी की लहर को बेतुका साबित कर देगी।

झारखंड मुक्ति मोर्चा झारखंड मुक्ति मोर्चा के स्टार प्रचारक हेमंत सोरेन पार्टी प्रत्याशी निरूप मोहंती के पक्ष में जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र के देहात में लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। रोड शो से लेकर नुक्कड़ सभाओं को संबोधित कर रहे हैं। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को चुनाव प्रचार में लाने में कामयाबी नहीं मिल पाई है।

कांग्रेस के स्टार प्रचार दिग्विजय सिंह की सभा शहर में आयोजित करने की कोशशि की जा रही है। इसके अलावा शहरी मतदाताओं को रिझाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और स्वास्थ्य एवं वित्तमंत्री राजेंद्र सिंह कई दिनों तक शहरी इलाकों में चुनाव प्रचार करेंगे।

झामुमो के चुनाव प्रचार संयोजक रमेश हांसदा की मानें तो झामुमो और कांग्रेस दोनों के परंपरागत वोटों के अलावा प्रत्याशी की छवि पर भी कंपनियों के कर्मचारियों को रिझाने की कोशिशें जारी हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें