फोटो गैलरी

Hindi Newsकांग्रेस घोषणापत्र: सोनिया का दावा, मोदी को कड़ी चुनौती देंगे

कांग्रेस घोषणापत्र: सोनिया का दावा, मोदी को कड़ी चुनौती देंगे

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश की वाराणसी सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी के खिलाफ निश्चितरूप से अपना उम्मीदवार...

कांग्रेस घोषणापत्र: सोनिया का दावा, मोदी को कड़ी चुनौती देंगे
एजेंसीWed, 26 Mar 2014 08:20 PM
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश की वाराणसी सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी के खिलाफ निश्चितरूप से अपना उम्मीदवार उतारेगी। 
     
गांधी ने लोकसभा चुनाव के लिए आज यहां पार्टी का घोषणापत्र जारी करने के बाद संवाददताओं के सवालों के जवाब में कहा कि कांग्रेस निश्चितरूप से मोदी को चुनौती देगी। उन्होंने सवाल किया कि क्यों नहीं देंगे।  
      
पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी एक सवाल पर कहा कि मोदी एक विशेष विचारधारा का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो एक दूसरे को लड़ाने की विचारधारा है। यह देश को नुकसान पहुंचाने वाली विचारधारा है। उन्होंने कहा कि इस विचारधारा से हर कांग्रेसी लड़ेगा और उसे हरायेगा। 
    
कांग्रेस अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों ने ही चुनाव सर्वेक्षणों के अनुमानों को दरकिनार करते हुए पार्टी की जीत के प्रति विश्वास व्यक्त किया। गांधी ने कहा कि इन चुनावों के नतीजे आश्चर्यजनक होंगे और उत्तर प्रदेश में हमारा प्रदर्शन 2009 जैसा होगा। 
   
गांधी ने कहा कि पार्टी जीत के प्रति पूरी तरह आश्वस्त है और हम जीतेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें चुनाव सर्वेक्षणों पर विश्वास नहीं है, क्योंकि 2004 और 2009 दोनों ही चुनावों के नतीजों में इनके अनुमान गलत साबित हुए थे। 

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में राजधानी दिल्ली में लोकसभा चुनाव 2014 के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया।

मनमोहन सिंह के नेतृत्व में 10 साल तक आर्थिक उदारीकरण की नीति का अनुसरण करने के बाद इस चुनाव में राहुल गांधी के केन्द्रीय भूमिका में आने के बाद कांग्रेस द्वारा अब मध्य मार्गी राजनीति के तहत कल्याणकारी उपायों पर विशेष ध्यान देने की उम्मीद है।

भ्रष्टाचार से निपटने का दृढ़ संकल्प, गरीबी रेखा के नीचे और मध्य वर्ग के बीच आने वाली 70 करोड़ की आबादी के उन्नयन, महिलाओं को शक्तिसम्पन्न बनाने और राजनीति में उनके प्रतिनिधित्व को बढ़ाने का वादा इस घोषणा पत्र की विशेषता है। उदारीकरण के बाद के समय में सरकारी नौकरियों में आ रही कमी को ध्यान में रखते हुए घोषणा पत्र में रोजगार सृजन पर विशेष जोर दिया गया है।
 
भ्रष्टाचार के आरोपों से जूझ रही और इस मुद्दे को लेकर विपक्ष के आक्रामक प्रचार अभियान का सामना करने के लिए कांग्रेस के घोषणा पत्र में इस समस्या से निपटने के लिए खास उपायों और साथ ही विदेशों में जमा काले धन को वापस लाने के बारे में घोषणा की गई है।

सूत्रों ने कहा कि विभिन्न पक्षों के साथ हुई व्यापक चर्चा और विचार विमर्श के बाद तैयार घोषणा पत्र के मसौदे को एके एंटनी की अध्यक्षता वाली समिति की 16 मार्च को हुई बैठक में लगभग अंतिम रूप दे दिया गया। इसके बाद इसमें कुछ मामूली अतिरिक्त जानकारियां और शामिल की गईं।
 
एंटनी के अलावा घोषणा पत्र समिति में पी चिदंबरम, सुशील कुमार शिंदे, आनंद शर्मा, सलमान खुर्शीद, संदीप दीक्षित, अजीत जोगी, रेणुका चौधरी, पीएल पूनिया, मोहन गोपाल, जयराम रमेश और दिग्विजय सिंह शामिल हैं। कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र में महंगाई के मुद्दे का उल्लेख रहने और कालाबाजारी एवं जमाखोरी को रोकने के लिए कड़े उपाय का जिक्र है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें