फोटो गैलरी

Hindi Newsयह माउस है या कीबोर्ड या दोनों?

यह माउस है या कीबोर्ड या दोनों?

कंप्यूटर पर काम करने के लिए कीबोर्ड भी जरूरी है और माउस भी। लेकिन आपके डेस्क पर दोनों एक-दूसरे से दूरी बनाए रखते हैं। कीबोर्ड पर काम करते-करते अगर माउस का इस्तेमाल करना हो तो कीबोर्ड से हाथ हटाना...

यह माउस है या कीबोर्ड या दोनों?
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 18 Mar 2014 12:28 PM
ऐप पर पढ़ें

कंप्यूटर पर काम करने के लिए कीबोर्ड भी जरूरी है और माउस भी। लेकिन आपके डेस्क पर दोनों एक-दूसरे से दूरी बनाए रखते हैं। कीबोर्ड पर काम करते-करते अगर माउस का इस्तेमाल करना हो तो कीबोर्ड से हाथ हटाना जरूरी हो जाता है और माउस पर ग्राफिक्स आदि का काम करते-करते अगर कुछ टाइप करना पड़ जाए तो फिर से कीबोर्ड की ओर लौटना पड़ता है। दोनों बहुत जरूरी हैं, एक दूसरे के पूरक, लेकिन उन्हें एक साथ इस्तेमाल करना बहुत असुविधाजनक है। लैपटॉप में यह समस्या अपेक्षाकृत कम गंभीर है, जहां कीबोर्ड के नीचे ही टच-पैड पर उंगलियां फिराते हुए काम किया जा सकता है। बहरहाल, आदर्श स्थिति वहां भी नहीं है। कीबोर्ड और माउस की समस्या को हल करने की कोशिशें तो दशकों से होती रही हैं, लेकिन इस बार एक नए गैजेट ने दोनों को करीब लाने की कोशिश कर बड़ी उम्मीदें जगा दी हैं। यह गैजेट, जो इसी साल के अंत तक बाजार में बिकने लगेगा, के नमूना उत्पाद (प्रोटोटाइप) बना लिए गए हैं और वे मजे से काम कर रहे हैं। नाम है- किंग्स असेंबली माउस-कीबोर्ड हाइब्रिड।

यह गैजेट माउस, कीबोर्ड और जॉयस्टिक (कंप्यूटर गेम्स खेलने के लिए इस्तेमाल होने वाला कंट्रोलर) का मिश्रण है। यह टाइप करने, माउस क्लिक करने और गेम के मूवमेंट करने, तीनों में सक्षम है और वह भी बहुत आसानी से। माउस-कीबोर्ड हाइब्रिड के दो हिस्से हैं, जिनका इस्तेमाल दोनों हाथों से अलग-अलग किया जाता है। एक दाएं हाथ के लिए, दूसरा बाएं हाथ के लिए। दोनों ही हिस्सों पर कंप्यूटर के कीबोर्ड की तरह तीस-तीस कुंजियां (बटन) मौजूद हैं। इनका इस्तेमाल आप अपनी पसंद के अक्षर टाइप करने के लिए कर सकते हैं। खास बात यह है कि आकार छोटा होने के कारण गैजेट के दोनों हिस्से खुद ही माउस की तरह घुमाए-फिराए जा सकते हैं। गैजेट के एक तरफ, जहां अंगूठा टिकाया जाता है, एक गोल बटन बना है, जिसे थम्ब मॉडय़ूल कहते हैं। इसका इस्तेमाल माउस के स्क्रॉल व्हील की तरह किया जा सकता है। गेम खेलते समय यही गोल बटन कार की स्पीड बढमने या निशाना साधने के लिए इस्तेमाल होगा- एकदम जॉयस्टिक की तरह। अंगूठे के पास पांच अतिरिक्त बटन हैं, जिनका इस्तेमाल माउस या जॉयस्टिक के बटनों की तरह कर सकते हैं।

इस अनोखे गैजेट के आने से कंप्यूटर सिस्टम की शक्ल-सूरत ही बदल जाएगी। खास बात यह है कि इसे हाथों और उंगलियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है, ताकि उन पर अधिक दबाव न पड़े और काम सरलता से हो। इसका माउस बहुत सटीक लेजर प्रणाली पर आधारित है। दिलचस्प बात यह है कि आप चाहें तो अपने कीबोर्ड से टाइप होने वाले अक्षरों को बदल भी सकते हैं। जो लोग अंग्रेजी की बजाए दूसरी भाषाओं में काम करते हैं, उनके लिये यह सुविधा बहुत उपयोगी होगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें