फोटो गैलरी

Hindi Newsलाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से नवाजे गए कपिल देव

लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से नवाजे गए कपिल देव

पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव को शनिवार को बीसीसीआई ने यहां सातवें सालाना पुरस्कार समारोह में सीके नायुडू लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया।      ऑफ स्पिनर रविचंद्रन...

लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से नवाजे गए कपिल देव
एजेंसीSun, 12 Jan 2014 11:54 AM
ऐप पर पढ़ें

पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव को शनिवार को बीसीसीआई ने यहां सातवें सालाना पुरस्कार समारोह में सीके नायुडू लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया।
    
ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को पिछले सत्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने के लिए पॉली उमरीगर पुरस्कार से नवाजा गया। 2012-13 सत्र में अश्विन ने 43 विकेट चटकाये थे और 263 रन बनाए थे, इसके अलावा उन्होंने 18 वनडे में 24 विकेट और चार टी20 में तीन विकेट हासिल किये थे।
    
पॉली उमरीगर पुरस्कार में ट्रॉफी और पांच लाख रूपए का चेक दिया जाता है। इससे पहले यह पुरस्कार सचिन तेंदुलकर ( 2006-07 और 2009-10) ने दो बार जबकि वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, राहुल द्रविड़ और विराट कोहली ने एक बार हासिल किया है।
    
महान ऑल राउंडर और 1983 विश्व कप विजेता कप्तान कपिल इस तरह सीके नायुडू पुरस्कार प्राप्त करने वाले 21वें भारतीय क्रिकेटर बन गए।
    
पुरस्कार समारोह का सबसे महत्वपूर्ण क्षण कपिल देव और महेंद्र सिंह धौनी का एक ही तरह से प्रुडेंशियल कप और आईसीसी विश्व कप ट्रॉफी हाथ में लेने वाला क्षण था। धौनी ने उसके बाद आईसीसी विश्व कप ट्रॉफी कपिल को सौंपी जबकि इस अनुभवी क्रिकेटर ने प्रुडेंशियल कप धौनी को दिया।

मुंबई के अभिषेक नायर को 2012-13 रणजी ट्रॉफी सत्र में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर के लिए लाला अमरनाथ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस पुरस्कार में एक ट्रॉफी और ढ़ाई लाख रूपए का चेक होता है।
    
मुंबई क्रिकेट संघ को 2012-13 सत्र में सर्वश्रेष्ठ ओवरऑल प्रदर्शन के लिए ट्रॉफी मिली। एमसीए का प्रतिनिधित्व करने वाली विभिन्न टीमों ने रणजी ट्रॉफी, अंडर-25 सीके नायुडू ट्रॉफी, अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी, महिला अंडर-19 अंतर राज्य टूर्नामेंट जीता और अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी में उप विजेता रही।
    
रोहित शर्मा को वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल में घरेलू टेस्ट सीरीज़ में भारत का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर होने के लिए दिलीप सरदेसाई पुरस्कार से नवाजा गया। वह न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे, वह वनडे और टेस्ट दोनों टीमों में शामिल हैं। उन्हें एक ट्रॉफी और पांच लाख रूपए का चेक मिला।
    
इस कार्यक्रम का सबसे मुख्य पुरस्कार तीन पूर्व खिलाड़ियों आर जी (बापू) नादकर्णी, फारूख इंजीनियर और दिवंगत एकनाथ सोलकर को भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाना रहा। पुरस्कार प्राप्त करने के लिए नादकर्णी और इंजीनियर उपस्थित नहीं थे जबकि सोलकर की पत्नी ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। उन्हें स्मति चिन्ह और 15-15 लाख रूपए के चेक से सम्मानित किया गया।

इस कार्यक्रम में महेंद्र सिंह धौनी की अगुवाई वाली टीम के सदस्य मौजूद थे जो न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे। पूर्व भारतीय सितारों में सचिन तेंदुलकर, वीवीएस लक्ष्मण और सौरव गांगुली तथा अन्य उपस्थित थे।
    
अन्य पुरस्कार इस प्रकार हैं:
माधवराव सिंधिया पुरस्कार, 2012-13 रणजी ट्रॉफी में सर्वाधिक रन जुटाने के लिए : जीवनजोत सिंह चौहान (पंजाब) को ट्रॉफी और ढाई लाख रूपए का चेक।
    
माधवराव सिंधिया पुरस्कार, 2012-13 रणजी ट्रॉफी में सर्वाधिक विकेट चटकाने के लिए : ईश्वर पांडे (मप्र) को ट्रॉफी और ढ़ाई लाख रूपए का चेक।
    
एम ए चिदम्बरम ट्रॉफी, 2012-13 के सर्वश्रेष्ठ अंडर-25 क्रिकेटर के लिए : कर्ण शर्मा (रेलवे) को ट्रॉफी और 50,000 रूपए का चेक।
    
एम ए चिदम्बरम ट्रॉफी, 2012-13 के सर्वश्रेष्ठ अंडर-19 क्रिकेटर के लिए : अक्षर पटेल (गुजरात) को ट्रॉफी और 50,000 रूपए का चेक।
    
एम ए चिदम्बरम ट्रॉफी, 2012-13 के सर्वश्रेष्ठ अंडर-16 क्रिकेटर के लिए : अरमान जाफर (मुंबई) को ट्रॉफी और 50,000 रूपए का चेक।
    
एम ए चिदम्बरम ट्रॉफी, 2012-13 की सर्वश्रेष्ठ महिला सीनियर क्रिकेटर के लिए : एम डी थिरूशकामिनी (तमिलनाडु) को ट्रॉफी और 50,000 रूपए का चेक।
   
2012-13 में घरेलू क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ अंपायर : सी शमशुद्दीन को ट्रॉफी और 50,000 रूपए का चेक।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें