फोटो गैलरी

Hindi News ढूंढ़ लेंगे मेंडिस कचची कचचाट : धोनी

ढूंढ़ लेंगे मेंडिस कचची कचचाट : धोनी

श्रीलंका के अबूझ स्पिनर अजंता मेंडिस के सामने एशिया कप के फाइनल में भारतीय भले ही पस्त हो गयी हो। लेकिन भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी उन्हें आगामी टेस्ट सीरीज में बड़ा खतरा नहीं मानते हैं। धोनी...

 ढूंढ़ लेंगे मेंडिस कचची कचचाट : धोनी
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 15 Mar 2009 01:00 PM
ऐप पर पढ़ें

श्रीलंका के अबूझ स्पिनर अजंता मेंडिस के सामने एशिया कप के फाइनल में भारतीय भले ही पस्त हो गयी हो। लेकिन भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी उन्हें आगामी टेस्ट सीरीज में बड़ा खतरा नहीं मानते हैं। धोनी का मानना है भारतीय टीम के वरिष्ठ बल्लेबाज उनकी काट निकाल लेंगे। एशिया कप के फाइनल में रविवार को 13 रन देकर छह विकेट लेकर अजंता मेंडिस ने भारत के एशियाई चैम्पियन बनने का ख्वाब चकनाचूर कर दिया था। मेंडिस की घूमती गेंदों के सामने भारतीय बल्लेबाज ‘ता थैया ता थैया’ करते नजर आए। धोनी ने स्वीकार किया कि उनके बल्लेबाजों ने विपक्षी स्पिनर अजंता मेंडिस की गेंदों को समझने में भूल की और घातक गलतियां करते हुए अपने विकेट गंवाए। भारतीय कप्तान ने कहा, ‘हमारे बल्लेबाज मेंडिस की गेंदों को बिल्कुल भी नहीं समझ सके। मेंडिस ने निसंदेह शानदार गेंदबाजी की। लेकिन स्पिन खेलने के अनुभवी हमारे बल्लेबाजों को उन्हें सतर्कता के साथ खेलना चाहिए था। मगर वे ऐसा करने में नाकाम रहे और यही हमारी हार का सबसे बड़ा कारण रहा।’ क्या मेंडिस आगामी सीरीज में भारतीय टीम के लिए परेशानी खड़ी करंगे यह पूछे जाने पर धोनी ने कहा, ‘वह (मेंडिस) एक मुश्किल गेंदबाज हैं और अच्छी बात यह है कि हमें श्रीलंका में टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। इसलिए उनके खलाफ रन बनाने की जल्दबाजी नहीं होगी और खिलाड़ियों को उनकी गेंदबाजी का अभ्यस्त होने का समय मिल जाएगा।’ उन्होंने कहा, ‘हमारे बल्लेबाजों को खुद को श्रीलंका में खेलने के लिए तैयारी करनी होगी। हमारी टेस्ट टीम में अनुभवी खिलाड़ी हैं। उन्हें मेंडिस का सामना करने के लिए कुछ वीडियो रिकार्डिग देखने की जरूरत होगी। वे श्रीलंकाई स्पिनर की काट निकाल लेंगे।’ धोनी ने श्रीलंका को चैम्पियन बनाने का श्रेय मेंडिस को देते हुए कहा कि उन्होंने नौंवे ओवर के बाद गेंदबाजी में आकर मैच का सारा नक्शा ही बदल दिया। धोनी ने कहा, ‘हमने फाइनल में मेंडिस की गेंदों से जो सबक सीखा है वह श्रीलंका दौरे पर टेस्ट और एकदिवसीय सीरीज में हमारे लिए मददगार होगा।’ फाइनल में भारत की एक और पराजय के बारे में पूछे जाने पर धोनी ने कहा, ‘मैं इस बात से जरूर निराश हूं कि हम एक बार फिर खिताबी मुकाबला हार गए। लेकिन हमारे लिए कुछ संतोष की बात यह है कि हम लगातार फाइनल तक पहुंच रहे हैं। वैसे हमें कोशिश करनी होगी कि आगे चलकर इस रिकार्ड को सुधारा जाए।’ उन्होंने उम्मीद जतायी कि सितम्बर में पाकिस्तान में होने वाली चैम्पियंस ट्रॉफी के दौरान यहां की पिचें गेंदबाजों को भी थोड़ी बहुत मदद देंगी। उन्होंने कहा, ‘अगर ऐसा नहीं हुआ तो फिर 320-325 का स्कोर भी सुरक्षित नहीं रह जाएगा। जैसा कि एशिया कप में देखने को मिला है।ं

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें